मणिपुर : इंफाल ईस्ट में फिर बंदूक और बम से हमला
मणिपुर के इंफाल ईस्ट जिले के सनसाबी और थमनापोकपी गांवों में शुक्रवार को हथियारबंद लोगों ने हमला किया। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए कई ग्रामीणों को बचाया। हमले में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन...

सनसाबी और थमनापोकपी गांवों में शुक्रवार को हुए हमले सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई कर ग्रामीणों को बचाया
इंफाल, एजेंसी। पहाड़ी इलाकों से हथियारबंद लोगों ने शुक्रवार को मणिपुर के इंफाल ईस्ट जिले के दो गांवों में बंदूक और बम से हमला किया। सनसाबी और थमनापोकपी गांवों में हुए हमलों में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। हमले के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप दोनों गांवों में भीषण गोलीबारी हुई। पहाड़ी की चोटी से हथियारबंद लोगों ने सनसाबी गांव और आस-पास के इलाकों में सुबह करीब 10.45 बजे अंधाधुंध गोलीबारी और बम फेंकना शुरू कर दिया। इस पर सुरक्षाकर्मियों को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। हथियारबंद लोगों और सुरक्षाकर्मियों के बीच गोलीबारी शुरू होने पर स्थानीय लोग इधर-उधर भागते देखे गए।
अधिकारी ने बताया, हथियारबंद लोगों ने सुबह करीब 11.30 बजे जिले के थामनापोकपी गांव में भी हमला किया। इसके बाद वहां के निवासियों में दहशत फैल गई। सीआरपीएफ कर्मियों सहित सुरक्षा बलों ने गोलीबारी में फंसी कई महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को बचाया। पिछले साल मई से मणिपुर में मैतेई और कुकी-जो समूहों के बीच जातीय हिंसा में 250 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।
दो उग्रवादी गिरफ्तार :
इंफाल पश्चिम जिले से प्रतिबंधित संगठन कांगलेइपक कम्युनिस्ट पार्टी (पीपुल्स वार ग्रुप) के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बयान में कहा कि जबरन वसूली गतिविधियों में शामिल दो उग्रवादियों को गुरुवार को जिले के अवांग वानागई लमखई इलाके से गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किए गए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।