चुनाव आयोग का दुरुपयोग कर रही भाजपा: ममता

Mar 08, 2026 07:32 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। उन्होंने भाजपा पर निर्वाचन आयोग का दुरुपयोग कर मतदाता सूचियों से नाम हटाने का आरोप लगाया। बनर्जी ने कहा कि देश लोकतांत्रिक नींव पर सीधा हमला देख रहा है और भाजपा सुनियोजित तरीके से लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है।

चुनाव आयोग का दुरुपयोग कर रही भाजपा: ममता

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद प्रकाशित मतदाता सूची में कथित तौर पर मनमाने तरीके से नाम हटाए जाने के खिलाफ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का धरना रविवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने भाजपा पर मतदाता सूचियों से वैध मतदाताओं के नाम हटाने के लिए निर्वाचन आयोग का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। बनर्जी ने यह टिप्पणी रविवार को की, जब आयोग का एक दल राज्य विधानसभा चुनावों से पहले चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने के लिए कोलकाता आने वाला है। बनर्जी ने यह आरोप भी लगाया कि देश अपनी लोकतांत्रिक नींव पर एक ‘अभूतपूर्व और सीधा हमला’ होता देख रहा है।

उन्होंने कहा कि अपने ‘एक राष्ट्र, एक नेता, एक पार्टी’ के उन्माद में, भाजपा सुनियोजित तरीके से हर लोकतांत्रिक संस्था और संवैधानिक पद का दुरुपयोग कर रही है ताकि वह अपनी जन-विरोधी महत्वाकांक्षाओं को पूरा कर सके।तृणमूल प्रमुख ने कहा, वर्षों से, उन्होंने केंद्रीय एजेंसियों, राष्ट्रीय आयोगों, ‘गोदी मीडिया’ और न्यायपालिका के एक वर्ग को बंगाल के खिलाफ उतार दिया है। वे बर्बाद हो चुके आयोग का दुरुपयोग कर रहे हैं ताकि वे वैध मतदाताओं को मतदाता सूची से हटा सकें। बनर्जी ने भाजपा नेतृत्व को ‘दिल्ली का जमींदार’ बताया और दावा किया कि वे बंगाल को अपने अधीन करने के अपने मिशन में कभी सफल नहीं होंगे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।