एसआईआर मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया बनी : ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाया है कि वह मतदाता सूची में सुधार करने के बजाय मतदाताओं के नाम हटाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में संवेदनशीलता की कमी है, जिससे आम लोग परेशान हो रहे हैं। अभिषेक बनर्जी ने भी इस मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधा।

कोलकाता, एजेंसी। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि एसआईआर अब मतदाता सूची सुधारने की जगह मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया बन गई है। तीन पन्नों के पत्र में उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग इस प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से नहीं चला रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, सुनवाई की प्रक्रिया पूरी तरह तकनीकी आंकड़ों पर आधारित है और उसमें संवेदनशीलता और मानवीय सोच की कमी है। ममता बनर्जी ने लिखा कि यह प्रक्रिया न तो गलतियों को सुधारने के लिए है और न ही नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए, बल्कि इसका उद्देश्य सिर्फ नाम काटना और लोगों को बाहर करना लगता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नाम की मामूली वर्तनी या उम्र में छोटे अंतर के कारण आम लोगों को बार-बार सुनवाई के लिए बुलाया जा रहा है। इससे लोगों को परेशानी, अपमान और रोजगार का नुकसान हो रहा है। --- ईडी और चुनाव आयोग से भाजपा हमें रोक नहीं सकती : अभिषेक बनर्जी सालतोड़ा, एजेंसी। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को कहा कि भाजपा ईडी और चुनाव आयोग के जरिए टीएमसी को रोक नहीं सकती। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी किसी भी केंद्रीय एजेंसी के दबाव में नहीं झुकेगी। बांकुड़ा जिले के सालतोड़ा में एक पार्टी रैली को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने यह बात कही। अभिषेक बनर्जी ने दावा किया, चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे एसआईआर के नाम पर बंगालियों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के कारण कुछ लोगों ने आत्महत्या की, जबकि कई बीमार पड़े। उन्होंने कहा कि इन मौतों के लिए जिम्मेदार लोगों से राजनीतिक तौर पर जवाब लिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार बंगाल के दो लाख करोड़ रुपये के बकाये जारी नहीं कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


