
चोरी हुई स्कूटी खुद ढूंढी, 26 वाहन भी बरामद कराए
नई दिल्ली के निहाल विहार में दीप सिंह ने अपनी चोरी हुई स्कूटी ढूंढ निकाली और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने 65 वर्षीय आरोपी नरेंद्र को गिरफ्तार किया और 26 दोपहिया वाहन बरामद किए, जिनमें 6 बाइक और 20 स्कूटियां शामिल हैं। नरेंद्र ने 2016 से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। राजधानी के निहाल विहार में एक स्कूटी चोरी का मामला बड़ी रिकवरी में बदल गया, जब पीड़ित ने न सिर्फ अपनी स्कूटी ढूंढ निकाली बल्कि चोरी के दर्जनों वाहन भी बरामद करा दिए। पीड़ित दीप सिंह की सूचना पर पुलिस ने आरोपी नरेंद्र को गिरफ्तार कर 26 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनमें छह बाइक और 20 स्कूटियां शामिल हैं। आरोपी नरेंद्र की उम्र 65 वर्ष है और वह वर्ष 2016 से लगातार वाहन चोरी में सक्रिय रहा है। पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को दीप सिंह ने अपनी स्कूटी चोरी होने की ई-एफआईआर दर्ज कराई और खुद भी तलाश में जुट गए।

खोजबीन के दौरान उन्होंने अपनी स्कूटी जसराम स्कूल के पीछे शिव राम पार्क में खड़ी देखी। वहां करीब 20 और संदिग्ध वाहन खड़े थे, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास पूछताछ की तो पता चला कि सभी वाहन नरेंद्र के हैं। इसके बाद पुलिस ने नरेंद्र के घर पर दबिश दी। तलाशी में घर के अंदर आठ और बाहर 18 वाहन मिले। पूछताछ में नरेंद्र ने दिल्ली के विभिन्न इलाकों से स्कूटी और बाइक चुराने की बात स्वीकार कर ली। शुरुआती सत्यापन में 19 वाहनों के चोरी होने की पुष्टि हुई है, जबकि शेष की जांच जारी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




