महात्मा गांधी के पत्र और निजी वस्तुओं की होगी नीलामी
महात्मा गांधी के पत्र, पांडुलिपियां, तस्वीरें और निजी वस्तुएं 18 और 19 अगस्त को नीलामी में बिकेंगी। सैफ्रोनआर्ट द्वारा आयोजित इस नीलामी में आनंद टी. हिंगोरानी के संग्रह से 86 ऐतिहासिक वस्तुएं शामिल हैं। गांधी के व्यक्तिगत जीवन की झलक दिखाते ये सामान 25 करोड़ रुपये में अनुमानित हैं।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पत्र, पांडुलिपियां, तस्वीरें और निजी वस्तुओं की 18 और 19 अगस्त को नीलामी होगी। सैफ्रोनआर्ट की ओर से आयोजित नीलामी में आनंद टी. हिंगोरानी के संग्रह से महात्मा गांधी की वस्तुएं शामिल होंगी। यह संग्रह गांधी के निजी जीवन की झलक दिखाएगा। गांधी: आनंद टी हिंगोरानी के संग्रह से नाम की इस नीलामी में 86 ऐतिहासिक वस्तुएं रखी जाएंगी। ये वस्तुएं दो दशक से ज्यादा समय की हैं और गांधी तथा स्वतंत्रता सेनानी हिंगोरानी के लंबे संबंधों को दर्शाती हैं। हिंगोरानी ने 1930 में पहली बार राष्ट्रपिता गांधी से मुलाकात की थी और वह उनके सबसे समर्पित सहयोगियों में शामिल रहे।हालांकि
यह नीलामी ऑनलाइन हो सकती है। नीलामी में शामिल पूरे संग्रह की अनुमानित कीमत 25 करोड़ रुपये है। इसमें महात्मा गांधी के पत्र, पांडुलिपियां, तस्वीरें और उनकी कई निजी वस्तुएं शामिल हैं। संग्रह का मुख्य आकर्षण 1944 से 1946 के बीच आनंद टी. हिंगोरानी के लिए गांधी द्वारा हाथ से लिखे गए 688 संदेशों का संग्रह है। गांधी का पेटी चरखा, चरखा चलाने के आध्यात्मिक अनुशासन से जुड़े दो पत्र भी शामिल हैं। इसके अलावा गांधी की माला, प्रार्थना की थैलियां और आशीर्वाद वाले पत्र भी नीलामी में शामिल होंगे। गांधी द्वारा हिंगोरानी को व्यक्तिगत रूप से उपहार में दी गई पॉकेट घड़ी भी नीलामी में रखी जाएगी। द लास्ट पोस्टकार्ड नाम का एक पत्र भी है। यह पूरा संग्रह 19 अगस्त तक सैफ्रोनआर्ट के मुंबई कार्यालय में लोगों के देखने के लिए उपलब्ध रहेगा।


