भागवत के कार्यक्रम में सलमान को बुलाना गलत नहीं : शिंदे
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आरएसएस के शताब्दी समारोह में सलमान खान को बुलाने का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि खान भारतीय नागरिक हैं और देश की परंपराओं में विश्वास रखते हैं। इस पर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने आरएसएस पर सवाल उठाया था। वहीं, भाजपा नेता नितेश राणे ने सलमान की प्रशंसा की।

मुंबई, एजेंसी। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने संघ प्रमुख मोहन भगवत के कार्यक्रम में अभिनेता सलमान खान को बुलाने पर आरएसएस का बचाव किया। उन्होंने सवाल किया कि आखिर समारोह में फिल्म अभिनेता की उपस्थिति में गलत क्या था। खान समेत कई फिल्मी हस्तियां हाल ही में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुईं, जिसे भागवत ने संबोधित किया था। मुंबई के नेहरू केंद्र में आयोजित यह कार्यक्रम आरएसएस के शताब्दी समारोह के अंतर्गत आयोजित किया गया था। शिंदे ने कहा कि खान भारतीय नागरिक हैं तथा देश की परंपराओं और संस्कृति में विश्वास रखते हैं। बता दें कि कार्यक्रम में सलमान खान को भागवत के साथ बातचीत करते देखे जाने के बाद शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने आरएसएस पर कटाक्ष किया था।
उन्होंने पूछा था कि क्या यह अभिनेता सलमान खान का स्वागत था या यह संदेश था कि संघ और उसकी शाखाओं में मुसलमानों का भी स्वागत है? हालांकि, महाराष्ट्र में भाजपा नेता एवं राज्य के मंत्री नितेश राणे ने मंगलवार को शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए दावा किया कि सलमान खान उनसे अधिक हिंदू हैं। उन्होंने आरएसएस प्रमुख के कार्यक्रम में शामिल होने का साहस दिखाने के लिए अभिनेता की प्रशंसा की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


