तमिलनाडु: दीपम प्रज्वलन की मांग को लेकर ग्रामीणों का भूख हड़ताल

तमिलनाडु: दीपम प्रज्वलन की मांग को लेकर ग्रामीणों का भूख हड़ताल

संक्षेप:

मदुरै के थिरुप्परंकुंड्रम गांव के लोगों ने दीपम स्तंभ पर दीप जलाने की मांग को लेकर भूख हड़ताल की। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने डीएमके सरकार पर हमला किया और भक्तों पर लाठीचार्ज का आरोप लगाया। मद्रास हाईकोर्ट ने दीप जलाने की अनुमति दी, लेकिन राज्य सरकार ने परंपरा के खिलाफ बताया।

Dec 13, 2025 10:57 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

मदुरै (तमिलनाडु), एजेंसी। मदुरै के थिरुप्परंकुंड्रम गांव के लोगों ने शनिवार को पहाड़ी पर स्थित दीपम स्तंभ पर दीप प्रज्वलन की मांग को लेकर भूख हड़ताल की। इस दौरान ग्रामीणों ने एकजुटता दिखाते हुए अपने घरों पर भगवान मुरुगन के झंडे भी लगाए। एक दिन पहले मदुरै कार्तिगई दीपम विवाद को लेकर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने तमिलनाडु की डीएमके सरकार पर तीखा हमला बोला था। लोकसभा में शून्यकाल के दौरान बोलते हुए उन्होंने राज्य सरकार पर सनातन धर्म विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा कि भक्तों पर लाठीचार्ज किया गया। भाजपा सांसद ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन से तत्काल माफी की मांग की और केंद्र सरकार से इस मामले का संज्ञान लेने का आग्रह किया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

मालूम हो कि मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै पीठ ने थिरुप्परंकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित दीपम स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी थी। हालांकि, तमिलनाडु सरकार के अधिकारियों ने इसे वर्षों से चली आ रही परंपरा के खिलाफ बताते हुए कहा कि दीपम पास के दीपा मंडपम में ही जलाया जाता रहा है। इस आदेश के बाद डीएमके नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने न्यायमूर्ति स्वामीनाथन पर पक्षपात का आरोप लगाया। इसके बाद लोकसभा के 100 से अधिक इंडिया गठबंधन के सांसदों ने न्यायमूर्ति जी.आर. स्वामीनाथन के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव को लेकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र सौंपा।