
मोहन यादव ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राहुल गांधी पर कटाक्ष किया कि जब बिहार में विधानसभा चुनाव चल रहे थे, तब वह पचमढ़ी में छुट्टी मना रहे थे। यादव ने कहा कि कांग्रेस के नेता खुद की दुनिया में रहते हैं और सत्ता से बाहर हैं। उन्होंने किसानों की भलाई के लिए राज्य सरकार की योजनाओं की भी चर्चा की।
देवास/इंदौर, एजेंसी। बिहार के चुनावी नतीजों से पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को कहा कि जिस वक्त बिहार में विधानसभा चुनाव चल रहा था, तब कांग्रेस नेता मशहूर पर्यटन स्थल पचमढ़ी में छुट्टी मना रहे थे। कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करने मध्यप्रदेश के पचमढ़ी पहुंचे गांधी ने नौ नवंबर को जंगल सफारी की थी। मुख्यमंत्री यादव ने देवास में एक समारोह के दौरान कहा, कांग्रेस के लोग और उनके नेता (राहुल गांधी) एक जैसे हैं। बिहार में चुनाव चल रहा था और वह (राहुल गांधी) सब छोड़कर पचमढ़ी में छुट्टी मना रहे थे।
उनकी समझ ऐसी ही है। वह आलू से सोना बनाते हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने किसानों का कभी भला नहीं किया। यादव ने कहा, कांग्रेस नेता खुद की दुनिया में डूबे रहते हैं। वे हवा में रहते हैं, मैदान में नहीं आते। वे केवल सोशल मीडिया पर दिखते हैं। इसलिए वे 20 साल से सूबे की सत्ता से बाहर हैं। अगर उनके यही हाल रहे, तो वे अगले 50 साल तक भी सत्ता से बाहर रहने वाले हैं। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने राज्य के 1.33 लाख किसानों के खातों में सोयाबीन भावांतर योजना की 233 करोड़ रुपये की राशि भेजी और कहा कि राज्य सरकार अन्नदाताओं को उनकी उपज का सही मोल दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री यादव ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए यह भी कहा कि प्रमुख विपक्षी दल के नेताओं को सोयाबीन भावांतर योजना और लाड़ली बहना योजना के लाभार्थियों को सरकारी खजाने से दी जा रही मदद हजम नहीं हो रही है। वे राज्य सरकार से अनर्गल सवाल पूछ रहे हैं। यादव ने समारोह के दौरान देवास में 180 करोड़ रुपये से ज्यादा लागत वाले विकास कार्यों की नींव भी रखी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




