नई दिल्ली। वरिष्ठ संवाददाता
मधुबन चौक अंडरपास के ऊपर बनी यूटर्न लेन हटा दी गई है। इससे अब दीपाली चौक से जीटी करनाल बाईपास जाते हुए वाहनों को चलने के लिए सड़क पर तीन लेन उपलब्ध होंगी। पहले यूटर्न के लिए बैरियर लगाकर एक लेन अलग से निर्धारित थी। जिससे सीधे जाने वाले वाहनों को दाएं व बाएं मुडऩे में परेशानी होती थी।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक वाहनों के लिए यूटर्न तो उपलब्ध होगा। लेकिन बैरियर को हटा दिया गया है। जिससे वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके। इसके अलावा इसके विपरित दिशा में जीटी करनाल बाईपास से दीपाली चौक होते हुए पीरागढ़ी जाने वाली सड़क पर मौजूद यूटर्न की भी चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। यहां सुरक्षा के मद्देनजर साइनेज बढ़ाए जाएंगे।
दो वर्ष पूर्व
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक करीब दो वर्ष पूर्व यह लेन बनाई गई थी। उस समय सड़क पर वाहनों की आवाजाही करीब डेढ़ लाख से अधिक थी। अब यह बढ़कर दोगुनी करीब तीन लाख हो गई है। जिससे पीक आवर्स में वाहनों का दबाव रहता है। यहां बांए जाने पर अंबेडकर अस्पताल, बाएं पीतमपुरा, नेताजी सुभाष पैलेस है। आसपास रोहिणी कोर्ट, महावीर अस्पताल, मेट्रो स्टेशन आदि है।
नंबर गेम
-2 साल पहले बनाई गई थी लेन
-3 लाख वाहनों की है आवाजाही