क्या अभिनेत्री संग बातचीत बनी मैक्रों दंपती में तनाव की वजह?
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रो और उनकी पत्नी ब्रिगिट मैक्रो की निजी जिंदगी में नई किताब के दावे से विवाद खड़ा हो गया है। किताब में कहा गया है कि मैक्रो और अभिनेत्री गोलशिफ्ते फराहानी के बीच करीबी दोस्ती का संबंध दंपती के रिश्ते में तनाव का कारण बना। सभी ने इन आरोपों को खारिज किया है।

पेरिस, एजेंसी। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रो और उनकी पत्नी ब्रिगिट मैक्रो एक बार फिर निजी रिश्तों को लेकर चर्चा में हैं। एक नई किताब में दावा किया गया है कि ईरानी मूल की अभिनेत्री गोलशिफ्ते फराहानी के साथ राष्ट्रपति की कथित बातचीत दोनों के बीच तनाव की वजह बनी थी। दावा यह भी है कि पिछले साल वियतनाम दौरे के दौरान विमान में कैमरे में कैद हुआ चर्चित पल इसी तनाव से जुड़ा था। हालांकि राष्ट्रपति दंपती और अभिनेत्री तीनों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। फ्रांसीसी पत्रकार फ्लोरियन तार्दिफ की किताब एन (ऑलमोस्ट) परफेक्ट कपल में दावा किया गया है कि राष्ट्रपति और अभिनेत्री के बीच कई महीनों तक करीबी दोस्ताना संबंध थे। किताब के मुताबिक, राष्ट्रपति ने अभिनेत्री से कथित तौर पर कहा था कि वह उन्हें बेहद खूबसूरत मानते हैं। इसी कथित बातचीत को लेकर दंपती के रिश्तों में खिंचाव पैदा हुआ।
पिछले साल हनोई पहुंचने पर विमान से उतरते समय का एक वीडियो
पिछले साल हनोई पहुंचने पर विमान से उतरते समय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में ऐसा लगा था कि प्रथम महिला ने राष्ट्रपति को धक्का दिया हो। उस समय फ्रांसीसी राष्ट्रपति भवन ने इसे दंपती के बीच ‘सामान्य और हल्के-फुल्के पल’ का हिस्सा बताया था। बाद में राष्ट्रपति ने भी कहा था कि दोनों मजाक कर रहे थे और इस घटना को बेवजह बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया।
किताब में किए गए दावों को लेकर अब नया विवाद
किताब में किए गए दावों को लेकर अब नया विवाद खड़ा हो गया है। राष्ट्रपति कार्यालय और प्रथम महिला दोनों ने इन दावों को निराधार बताया है। प्रथम महिला की ओर से कहा गया कि वह कभी अपने पति का फोन नहीं देखतीं। वहीं अभिनेत्री ने इन खबरों को पूरी तरह गलत बताते हुए कहा कि लोग बेवजह अफवाहें फैला रहे हैं। ईरानी और फ्रांसीसी अभिनेत्री कई अंतरराष्ट्रीय फिल्मों और वेब सीरीज में काम कर चुकी हैं। वह ईरान के इस्लामी शासन की मुखर आलोचक मानी जाती हैं।
कौन हैं गोलशिफ्ते
गोलशिफ्ते फराहानी ईरानी मूल की अभिनेत्री और गायिका हैं, जो अब फ्रांस में रहती हैं। उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय फिल्मों और वेब सीरीज में काम किया है। वह एक्सट्रैक्शन, बॉडी ऑफ लाइज, पैटरसन और इनवेजन जैसी फिल्मों और सीरीज से दुनियाभर में पहचान बना चुकी हैं। फराहानी ईरान की इस्लामी सरकार की मुखर आलोचक भी मानी जाती हैं।
चर्चित रहे राष्ट्राध्यक्षों के कथित रिश्ते
बिल क्लिंटन, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति : व्हाइट हाउस इंटर्न मोनिका लेविंस्की के साथ रिश्तों के आरोपों ने अमेरिकी राजनीति में बड़ा भूचाल ला दिया था।
फ्रांस्वा ओलांद, फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति : अभिनेत्री जूली गाये के साथ कथित रिश्तों को लेकर फ्रांसीसी मीडिया में लंबे समय तक चर्चा रही।
जॉन एफ. कैनेडी, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति : हॉलीवुड अभिनेत्री मर्लिन मुनरो के साथ कथित करीबी दशकों तक सुर्खियों में रही।
सिल्वियो बर्लुस्कोनी, इटली के पूर्व प्रधानमंत्री : निजी पार्टियों और मॉडल्स से रिश्तों को लेकर कई बार विवादों में घिरे।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


