राजस्थान: आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में युवक गिरफ्तार

Jan 30, 2026 09:22 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

भारतीय सेना से जुड़ी संवेदनशील व रणनीतिक जानकारी पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों को भेजने का आरोप

राजस्थान: आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में युवक गिरफ्तार

जयपुर, एजेंसी। राजस्थान के सीमावर्ती जिले जैसलमेर के पोखरण से एक स्थानीय युवक को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 28 वर्षीय झाबराराम के रूप में हुई है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (खुफिया) प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि आरोपी पर भारतीय सेना से संबंधित संवेदनशील और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जानकारी सीमा पार स्थित संचालकों को भेजने का आरोप है। उन्होंने बताया कि यह गिरफ्तारी लगातार निगरानी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर की गई है, जिनसे संकेत मिलता है कि राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में पाकिस्तानी एजेंसियों द्वारा जासूसी गतिविधियों में वृद्धि हुई है।

एडीजीपी ने कहा कि इन सूचनाओं के आधार पर राजस्थान खुफिया विभाग ने एक केंद्रित तकनीकी और मानव खुफिया अभियान शुरू किया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियां मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में जासूसी की पुष्टि के बाद झाबराराम को जयपुर स्थित केंद्रीय पूछताछ केंद्र में लाया गया, जहां राजस्थान पुलिस खुफिया, सैन्य खुफिया और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से पूछताछ की। एडीजीपी ने बताया कि साक्ष्यों की पुष्टि के बाद राजस्थान खुफिया एजेंसी ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार किया। - सोशल मीडिया से करता था संपर्क एडीजीपी ने बताया कि आरोपी के फोन की फोरेंसिक जांच में पता चला कि वह विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों के नियमित संपर्क में था। उन्होंने बताया कि आरोपी को हनीट्रैप और वित्तीय प्रलोभनों के माध्यम से जासूसी नेटवर्क में शामिल किया गया था। प्रफुल्ल कुमार ने आरोप लगाया कि झाबराराम ने पैसे के बदले भारतीय सेना की गतिविधियों और ठिकानों से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा की।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।