रामानंद सागर के बेटे आनंद का निधन
रामायण के निर्माता रामानंद सागर के बेटे आनंद रामानंद सागर चोपड़ा का 84 वर्ष की आयु में मुंबई में निधन हो गया। वह पिछले 25 वर्षों से पार्किंसन से पीड़ित थे और हाल ही में संक्रमण से जूझ रहे थे। उन्होंने 'रामायण' और 'शिर्डी के साईंबाबा' जैसे कई टीवी कार्यक्रमों का निर्देशन किया था।

'रामायण' के निर्माण से घर-घर में पहचाने जाने वाले दिग्गज फिल्म निर्माता रामानंद सागर के बेटे आनंद रामानंद सागर चोपड़ा का लंबी बीमारी के बाद मुंबई में निधन हो गया। वह 84 वर्ष के थे। आनंद की पत्नी निशा सागर ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार सुबह 10:37 बजे अंतिम सांस ली। वह पिछले 25 वर्ष से पार्किंसन से पीड़ित थे। आनंद ने उस स्थिति में भी एनडीटीवी के लिए 'रामायण' बनाई, जिसका उन्होंने निर्देशन किया था। आनंद ने 'शिर्डी के साईंबाबा' समेत कई टीवी कार्यक्रमों का भी निर्देशन किया था। पिछले कुछ महीने में उनके शरीर में संक्रमण हो गया था, जिससे वह उबर नहीं सके।
वह पिछले कुछ महीनों से बिस्तर पर थे। फिल्में भी बनाईं : आनंद का जन्म तीन सितंबर 1941 को हुआ था। उन्होंने पांच फिल्मों का निर्माण किया था, जिनमें रणधीर कपूर और तनुजा अभिनीत 'हमराही', अमजद खान, विद्या सिन्हा, सारिका और राकेश रोशन अभिनीत 'राम भरोसे' और शम्मी कपूर की 'अरमान' शामिल हैं। उन्होंने फिल्म 'प्यारा दुश्मन' के 'हरि ओम हरि' और 'अरमान' फिल्म के 'रंबा हो सांबा हो' जैसे गीतों का भी निर्देशन किया था। ये डिस्को गीत काफी लोकप्रिय हुए थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


