ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR नई दिल्लीकामकाज की जगह भी नहीं महफूज महिलाएं

कामकाज की जगह भी नहीं महफूज महिलाएं

डीडीए में माली के पद पर तैनात पति की मौत के बाद उसकी पत्नी को फरवरी 2014 में वहां नौकरी मिली। उसने विकास सदन स्थित दफ्तर जाना शुरु किया। वहां एक निदेशक सहित चार कर्मचारी उसे प्रताड़ित करने लगे।...

कामकाज की जगह भी नहीं महफूज महिलाएं
हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीSat, 16 Dec 2017 11:48 PM
ऐप पर पढ़ें

डीडीए में माली के पद पर तैनात पति की मौत के बाद उसकी पत्नी को फरवरी 2014 में वहां नौकरी मिली। उसने विकास सदन स्थित दफ्तर जाना शुरु किया। वहां एक निदेशक सहित चार कर्मचारी उसे प्रताड़ित करने लगे। उन्होंने कई बार इस महिला से दुष्कर्म किया।

महिला का आरोप है कि गुड़गांव ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इतना ही नहीं उसकी अश्लील वीडियो आरोपी ने बना ली। वह मुंह खोलने पर उसे इस वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देते थे। तीन साल से अधिक समय तक इस महिला का वेतन नहीं दिया गया। अपने बेटे का ख्याल कर महिला चुपचाप यह अत्याचार सहती रही।

बीते नवम्बर माह में महिला ने मामले की शिकायत डीडीए के अधिकारियों से की। उन्होंने इस मामले को कोटला मुबारकपुलिस पुलिस के पास भेजा, जहां दस दिन बाद एफआईआर दर्ज हो गई। लेकिन अभी तक इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

स्कूल में शिक्षिका से सहकर्मी करता रहा छेड़छाड़

आजादपुर के एक सरकारी स्कूल में पढ़ाने वाली शिक्षिका बीते कई माह से अपने ही एक सहकर्मी से परेशान है। वह बिना किसी वजह महिला शिक्षक का पीछा करता है। क्लास लेने के दौरान उनकी कक्षा के बाहर खड़ा होकर उन्हें घूरता रहता है। कभी-कभी उनकी कक्षा में ही घुस जाता है।

महिला का आरोप है कि कई बार वह उनका रास्ता रोक लेता है। वह जब इसका कारण पूछती हैं तो वह जवाब तक नहीं देता। परेशान होकर दर्जन भर बार उसने अपने स्कूल के प्रधानाचार्य से इस बाबत मौखिक शिकायत की, लेकिन उन्होंने कोई कार्यवाही नहीं की। बीते दिसम्बर माह में शिक्षिका ने प्रधानाचार्य को लिखित शिकायत दी तो वह उस पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने लगा। जिसके बाद पीड़िता मामले की शिकायत लेकर आदर्श नगर थाने पहुंची। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया।

शिकायत करने पर नौकरी से निकाला

आईजीआई एयरपोर्ट पर स्थित एक होटल में काम करने वाली गेस्ट असिस्टेंट महिला के साथ सिक्योरिटी मैनेजर ने छेड़छाड़ की। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें आरोपी महिला की साड़ी खींचते हुए देखा गया। लेकिन महिला ने जब इस बाबत शिकायत की तो उसे नौकरी से हाथ धोना पड़ा। पीड़िता की माने तो आरोपी उसके ऊपर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहा था।

बीते 29 जुलाई को हुई इस घटना को लेकर महिला ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को कई बार शिकायत की, लेकिन किसी ने उसकी एक न सुनी। उसने जब आरोपी पर कार्यवाही के लिए दबाव डाला तो उसे नौकरी से निकाल दिया गया। बीते अगस्त माह में उसने इस बाबत पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने उसकी शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने वह सीसीटीवी फुटेज भी जब्त किया, जिसमें आरोपी की हरकत कैद हुई थी। इसे अहम सबूत के तौर पर पुलिस अदालत के समक्ष पेश करेगी।

एक साल तक सहकर्मी करता रहा यौन शोषण

नरेला थाने में आयुर्वेदिक उत्पाद बनाने वाली एक नामी कंपनी में अकाउंटेंट के पद पर तैनात युवती से एक साल तक उसका सहकर्मी ही यौन शोषण करता रहा। उसने युवती को शादी करने का झांसा देकर प्यार के जाल में फंसाए रखा। लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला तो दर्ज कर लिया, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।

पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह जिस कंपनी में अकाउंटेंट थी, उसी कंपनी में आरोपी उच्च पद पर कार्यरत था। उसने पीड़िता को पहले डराया-धमकाया और फिर शादी करने का झांसा देकर एक साल तक उसका यौन शोषण करता रहा। इस दौरान पीड़िता गर्भवती भी हुई। युवती ने 22 मई को नरेला थाने में मामला दर्ज कराया था, लेकिन एक माह बाद पुलिस ने जून माह में एफआईआर दर्ज की थी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें