महाराष्ट्र: विशेषाधिकार समिति के सामने पेश हुए कुणाल कामरा
- उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ टिप्पणी से संबंधित है मामला मुंबई,एजेंसी।

स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ अपनी कथित अपमानजनक टिप्पणियों के सिलसिले में मंगलवार को राज्य विधान परिषद की विशेषाधिकार समिति के सामने पेश हुए। हालांकि, समिति के अध्यक्ष प्रसाद लाड ने बताया कि मुख्य शिकायतकर्ता की अनुपस्थिति के कारण सुनवाई 10 मार्च के लिए स्थगित कर दी गई। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता सुषमा अंधारे भी समिति के समक्ष पेश हुईं। कामरा और अंधारे ने बाद में बताया कि सुनवाई के दौरान उनके बयान दर्ज नहीं किए गए, क्योंकि मुख्य शिकायतकर्ता भाजपा नेता प्रवीण दारेकर अनुपस्थित थे। लाड के मुताबिक, कामरा ने समिति को बताया कि वह अपना बयान दर्ज कराने के लिए तैयार हैं।
हालांकि, शिकायतकर्ता की अनुपस्थिति में उनका बयान दर्ज करना उचित नहीं होता। इसलिए यह तय किया गया कि दोनों पक्षों के बयान एक ही दिन दर्ज किए जाएंगे। कामरा ने कार्यक्रम में पैरोडी गीत गाया था अंधारे ने पिछले साल हुई उस घटना का जिक्र किया, जिसमें उस स्टूडियो में तोड़फोड़ की गई थी, जहां कामरा ने अपनी प्रस्तुति के दौरान शिंदे के ऊपर एक पैरोडी गीत गाया था। शिवसेना (उबाठा) नेता ने कहा कि हम जानना चाहते थे कि हमारे खिलाफ क्या आरोप हैं। दारेकर ने शिवसेना प्रमुख शिंदे के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए कामरा और अंधारे के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था। दारेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता हैं, जो महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति की एक घटक है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



