Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsKuldeep Yadav s Five Wicket Haul Leads India to Dominance Over West Indies
खेल : फॉलोऑन के बाद कैंपबेल-होप डटे

खेल : फॉलोऑन के बाद कैंपबेल-होप डटे

संक्षेप:

फॉलोऑन के बाद कैंपबेल-होप डटे शोल्डर : जॉन और शाई के अर्धशतकों से

Oct 12, 2025 08:09 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

राजीव शर्मा। नई दिल्ली। कुलदीप यादव ने रविवार को सुबह अपना पंजा खोला। इससे भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज की पहली पारी 248 रन पर समेट कर 270 रन की बढ़त हासिल की। फॉलोऑन खेलते हुए विंडीज के ओपनर जॉन कैंपबेल ने शाई होप के साथ अटूट शतकीय साझेदारी कर भारत की जीत का इंतजार बढ़ा दिया। वेस्टइंडीज ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में 49 ओवर में दो विकेट पर 173 रन बना लिए थे। पारी की हार टालने के लिए उसे अभी भी 97 रन बनाने होंगे। स्टंप्स के समय कैंपबेल 87 और होप 66 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

अपने करियर की सबसे बड़ी पारी खेलने वाले कैंपबेल और होप तीसरे विकेट के लिए अटूट 138 रन जोड़ चुके हैं। वेस्टइंडीज ने इस सत्र में पहली बार दूसरी नई गेंद तक बल्लेबाजी की। यही नहीं इस साल पहली बार वेस्टइंडीज ने किसी भी विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई। मौजूदा सीरीज में कैंपबेल अर्धशतक जड़ने वाले पहले विंडीज खिलाड़ी बने। उनके बाद शोप ने भी शानदार पचासा जड़ा जो 31 पारियों के बाद उनके बल्ले से निकला। विंडीज की दूसरी पारी में भी शुरुआत अच्छी नहीं रही। 38 रन पर दो पवेलियन में : मात्र 38 रन पर उसके दो बल्लेबाज पवेलियन में थे। सिराज ने सपाट पिच पर चंद्रपॉल (10) को एक तेज शॉर्ट गेंद फेंकी, जो अपने पुल-शॉट पर नियंत्रण नहीं रख पाए। कप्तान गिल ने डाइव लगाकर शानदार कैच लपककर उनकी पारी का अंत किया। अथानजे को सुंदर ने एक बेहतरीन ऑफ स्पिन लेती गेंद पर आउट किया। इसके बाद कैंपबेल और होप ने भारतीय गेंदबाजों की जल्दी मैच खत्म करने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। भारतीय गेंदबाज अंतिम 75.2 ओवर में चार विकेट निकाल पाए। तीसरा सत्र पूरी तरह से वेस्टइंडीज के नाम रहा। कुलदीप की चली फिरकी : वेस्टइंडीज ने दिन की शुरुआत पहली पारी में चार विकेट पर 140 रन से की और 108 रन जोड़कर शेष छह विकेट गंवा दिए। कुलदीप ने खेल शुरू होने के आधे घंटे में ही शानदार गेंद पर होप (36) की गिल्लियां बिखेर दी।रविंद्र जडेजा (46 रन पर तीन विकेट) ने मैच के दूसरे दिन वेस्टइंडीज के शीर्ष क्रम को चलता किया जो वही कुलदीप ने तीसरे दिन की शुरुआत में ही अपनी शानदार गेंद पर शाई होप को बोल्ड किया। होप ने गेंद को टर्न के लिए रक्षात्मक ढंग से खेलने की कोशिश की पर गेंद सीधी रहते हुए विकेटों से जा टकराई। फिर उन्होंने टेविन (21) को एलबीडब्ल्यू कर चलता कर दिया। ग्रीव्स (17) ने क्रीज पर आते ही आक्रामक रुख अपनाते हुए तीन चौके जड़े। रिवर्स स्वीप करने की कोशिश में कुलदीप की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। इसके बाद सिराज की गेंद वारिकन के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेते हुए विकेटों से टकरा गई। पियरे (23) और फिलिप्स (नाबाद 24) ने नौवें विकेट के लिए 46 रन जोड़े। बुमराह ने पिएरे को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा और मैच में अपना पहला विकेट लिया। इसके बाद कुलदीप ने सील्स को एलबीडब्ल्यू कर पांच विकेट पूरे किए। --------------------- नौ साल बाद एक सत्र क्रीज पर गुजारा कैंपबेल और होप पिछले नौ साल में भारत के खिलाफ टेस्ट में पूरे एक सत्र तक क्रीज पर टिके रहने वाली पहली वेस्टइंडीज की पहली जोड़ी है। इससे पहले 2016 में किंग्सटन चेज और होल्डर ने पांचवें दिन के आखिरी सत्र में 19 ओवर खेलकर मैच ड्रॉ कराया था। 14 साल बाद चौथे दिन खिंचा मैच पिछले 14 साल और छह टेस्ट में पहली बार वेस्टइंडीज ने भारतीय सरजमीं पर मैच को चौथे दिन तक खींचा है। इससे पहले 2011 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दोनों के बीच मुकाबला पांच दिन चला था और बराबरी पर छूटा था। वहीं 2013 (2 मैच) और 2018 (2 मैच) तीन दिन में खत्म हो गए थे। मौजूदा सीरीज का पहला टेस्ट ढाई दिन चला था। ------------------- कुलदीप ने पांचवीं बार पांच विकेट लेकर बनाया रिकॉर्ड कुलदीप सबसे कम मैचों में पारी में पांच विकेट लेने वाले पहले बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर बन गए हैं। उन्होंने सर्वाधिक बार पारी में पांच विकेट लेने के इंग्लैंड के बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर जॉनी वॉर्डले के रिकॉर्ड की बराबरी की। वॉर्डले ने यह उपलब्धि 28 मैचों में हासिल की थी। दक्षिण अफ्रीका के पॉल एडम्स (45 टेस्ट, 4 बार) तीसरे नंबर पर हैं। ------------------ सील्स पर मैच फी का 25 प्रतिशत जुर्माना नई दिल्ली। वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जेडेन सील्स को आईसीसी के लेवल एक आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। इसके लिए उन्हें मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना और एक डिमेरिट अंक दिया गया है। दरअसल, दूसरे टेस्ट के पहले दिन शुक्रवार को भारत की पहली पारी के 29वें ओवर में सील्स ने गेंदबाजी करने के बाद गेंद बल्लेबाज यशस्वी की ओर फेंक दी जो उनके पैड पर लगी। आईसीसी के अनुसार, सील्स को खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.9 का उल्लंघन का दोषी पाया गया। यह अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी खिलाड़ी की ओर या उसके पास अनुचित या खतरनाक तरीके से गेंद (या किसी अन्य क्रिकेट उपकरण) फेंकने से संबंधित है। सील्स के खाते में 24 महीनों की अवधि में डिमेरिट अंक की संख्या अब दो हो गई है। किसी खिलाड़ी को अगर 24 महीनों में 24 या अधिक डिमेरिट अंक मिलते हैं तो उसे निलंबन का सामना करना पड़ सकता है। सील्स ने मैच रेफरी एंडी पाइकॉफ्ट द्वारा प्रस्तावित सजा को चुनौती दी जिसके चलते एक औपचारिक सुनवाई आयोजित की गई। ---------------------