Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsKolkata Knight Riders Release Mustafizur Rahman Amid BCCI Pressure Over India-Bangladesh Tensions
शाहरुख की टीम से मुस्तफिजुर बाहर

शाहरुख की टीम से मुस्तफिजुर बाहर

संक्षेप:

- बीसीसीआई के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेशी क्रिकेटर को रिलीज किया -

Jan 03, 2026 05:13 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

गुवाहाटी, एजेंसी। सुपरस्टार शाहरुख खान के स्वामित्व वाली कोलकाता नाइट राइडर्स ने शनिवार को बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बाहर कर दिया। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देश पर ऐसा किया गया। बीसीसीआई ने भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय संबंधों में बढ़ते तनाव के मद्देनजर यह कदम उठाया। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया, जरूरत पड़ने पर केकेआर को उनके स्थान पर किसी अन्य खिलाड़ी का चयन करने की अनुमति होगी। सैकिया से जब पूछा गया कि बीसीसीआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स को ऐसा करने के लिए क्यों कहा है, तो उन्होंने कहा, हाल ही में हुई घटनाओं के कारण।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

केकेआर ने बाद में कहा कि उसने बीसीसीआई के निर्देश पर कार्रवाई की है। केकेआर ने कहा, बीसीसीआई के निर्देश पर उचित प्रक्रिया और परामर्श के बाद (खिलाड़ी को) रिलीज कर दिया गया है। पिछले महीने खिलाड़ियों की नीलामी में केकेआर ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। उनका आधार मूल्य दो करोड़ रुपए था। चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के साथ कड़ी बोली प्रक्रिया के बाद केकेआर इस 30 वर्षीय गेंदबाज को अपनी टीम से जोड़ने में सफल रहा था। बांग्लादेश में हाल ही में एक हिंदू व्यक्ति की हत्या और वहां अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर भारत की चिंता के मद्देनजर बांग्लादेशी क्रिकेटर की भागीदारी को लेकर बीसीसीआई पर दबाव बढ़ता जा रहा था। रहमान को टीम में रखने के कारण केकेआर के सह-मालिक और बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को भी आलोचना का सामना करना पड़ रहा था। सत्तारूढ़ भाजपा के कुछ नेताओं ने मौजूदा परिदृश्य में गेंदबाज को टीम में शामिल करने के फैसले पर सवाल उठाए थे। रहमान 2016 से आठ बार आईपीएल में खेल चुके हैं। उन्होंने केवल 2019 और 2020 में टूर्नामेंट में भाग नहीं लिया था। वह सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमों के लिए खेल चुके हैं। तीन बार के चैंपियन केकेआर ने पहली बार उन्हें अपनी टीम से जोड़ा था।