खेल : कोलकाता के लिए अब जरा सी चूक पड़ सकती है भारी
शोल्डर : गत चैंपियन बेंगलुरु के खिलाफ आज होगा कड़ा इम्तिहान, लगातार पांच जीत

रायपुर, एजेंसी। कोलकाता नाइट राइडर्स ने रफ्तार पकड़ ली है। प्लेऑफ की उम्मीदें कायम रखने के लिए अब अजिंक्य रहाणे की टीम को अपने बचे चारों मुकाबले जीतने होंगे। जरा सी चूक अब कोलकाता के लिए भारी पड़ सकती है। लगातार चार जीत दर्ज कर चुकी कोलकाता की टीम को बुधवार को गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कड़ी चुनौती से पार पाना होगा। वहीं बेंगलुरु की टीम जीत के साथ प्लेऑफ का अपना दावा और मजबूत करने की कोशिश करेगी। तीन बार के चैंपियन कोलकाता की टीम नौ अंकों के साथ तालिका में आठवें स्थान पर है। यहां से थोड़ी सी चूक भी उसे आगे बढ़ने की दौड़ से बाहर करने के और करीब पहुंचा देगी। ऐसी किसी भी स्थिति से बचने के लिए कोलकाता के बल्लेबाजों को दमदार प्रदर्शन करना होगा। उन्हें बेंगलुरु के प्रमुख तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड का डटकर सामना करना होगा। भुवी और हेजलवुड की जोड़ी शानदार फॉर्म में है। यह जोड़ी पावरप्ले में काफी खतरनाक साबित हो रही है। रहाणे अपने प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रख पाए हैं। हालांकि उप-कप्तान रिंकू, न्यूजीलैंड के फिन एलेन, अनुकूल रॉय और अंगकृष रघुवंशी ने पिछले कुछ मैचों में अच्छी बल्लेबाजी की है। इनके अलावा ग्रीन में भी अपनी बल्लेबाजी में काफी सुधार किया है। रहाणे को बड़ी पारी खेलनी होगी साथ ही अपने सलामी जोड़ीदार के साथ टीम को धमाकेदार शुरुआत भी दिलानी होगी। इससे मध्यक्रम के बल्लेबाजों पर दबाव कम होगा。
बेंगलुरु की स्थिति
दूसरी और बेंगलुरु ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन पिछले कुछ मैच में उसके बल्लेबाज अपेक्षित खेल नहीं दिखा पाए। मुंबई के खिलाफ पिछले मैच में 167 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उसकी बल्लेबाजी लड़खड़ा गई थी। उसने बमुश्किल जीत हासिल की थी। उसकी टीम आगे फिर से इस तरह की परिस्थिति से नहीं गुजरना चाहेगी। पिछले मैच में वह क्रुणाल के अर्धशतक और अंतिम ओवर में भुवनेश्वर के छक्के से ही लक्ष्य तक पहुंच पाई थी।
पाटीदार की भूमिका
बेंगलुरु के कप्तान पाटीदार ने टूर्नामेंट के शुरू में अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन अब वह रन बनाने के लिए जूझते हुए नजर आए। अगर टीम को वापसी करनी है तो पाटीदार को आगे बढ़कर नेतृत्व करना होगा। पिछली छह पारियों में वह सिर्फ एक बार पचास से अधिक और एक बार बीस से अधिक का स्कोर ही बना पाए हैं। इससे बेंगलुरु की मध्यक्रम की बल्लेबाजी कुछ कमजोर पड़ गई है। हालांकि देवदत्त पडिक्कल और टिम डेविड जैसे अन्य बल्लेबाजों के योगदान ने टीम को मुश्किलों से बाहर निकलने में मदद मिली। कोहली पिछले लगातार दो मुकाबलों में खाता नहीं खोल पाए हैं। शानदार शुरुआत के बाद उनकी लय गड़बड़ा गई है। टीम को उनसे फिर बड़ी पारी की उम्मीद होगी।
कोलकाता की गेंदबाजी चुनौती
बेंगलुरु के बल्लेबाजों का सामना अब कोलकाता के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण से होगा। इसमें सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती जैसे रहस्यमयी स्पिनर शामिल हैं। उन्हें कार्तिक त्यागी, वैभव अरोड़ा और अनुकूल रॉय जैसे घरेलू गेंदबाजों का अच्छा सहयोग मिल रहा है। गेंदबाजों के अच्छे प्रदर्शन के बल पर ही कोलकाता ने शुरू में लड़खड़ाने के बाद लगातार जीत दर्ज की है। ऐसे में बेंगलुरु के बल्लेबाजों को इस स्पिन जोड़ी से बचकर रहना होगा। अगर रायपुर की पिच पिछले मैच की तरह ही चिपचिपी रहती है और गेंद रुककर बल्ले पर आ रही हो तो बेंगलुरु के बल्लेबाजों को कोलकाता के गेंदबाजों के सामने काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
----------------
प्रसारण : शाम 7:30 बजे से
स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर
------------------
आमने-सामने
कुल मैच : 36
कोलकाता जीता : 20
बेंगलुरु जीता : 15
बेनतीजा : 1
-------------
नंबर गेम
-2 मैच पिछले साल दोनों ने खेले थे, एक बेंगलुरु ने जीता था जबकि एक बेनतीजा रहा था
-41 रन दूर हैं पडिक्कल बेंगलुरु की ओर से 15 सौ रन बनाने वाले पांचवें खिलाड़ी बनने से
-------------------
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


