Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsKL Rahul Shines with 112 Not Out as India Sets Challenging 248 in 2nd ODI Against New Zealand
खेल : राहुल ने शतक ठोक संकट में टीम को संभाला

खेल : राहुल ने शतक ठोक संकट में टीम को संभाला

संक्षेप:

भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में केएल राहुल के नाबाद 112 रन के सहारे 248 रन बनाए। राहुल ने संकट में टीम को संभाला और यह उनका आठवां वनडे शतक है। शुभमन गिल ने 56 रन बनाकर योगदान दिया, जबकि न्यूजीलैंड के गेंदबाज क्रिस्टियन क्लार्क ने तीन विकेट लिए।

Jan 14, 2026 07:26 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

न्यूजीलैंड के साथ दूसरे वनडे मुकाबले में भारत ने बनाए सात विकेट पर 248 रन, राहुल ने ठोका अपना आठवां सैकड़ राहुल ने शतक ठोक संकट में टीम को संभाला 08 वां शतक राहुल ने अपने वनडे करियर के 93वें मुकाबले में लगाया, इसके अलावा इनमें वह 20 अर्धशतक भी लगा चुके हैं 102 रन की पारी इससे पहले राहुल ने 12 नवंबर 2023 को नीदरलैंड्स के खिलाफ विश्व कप मुकाबले के दौरान खेली थी मेजबान बल्लेबाज का सर्वाधिक स्कोर केएल राहुल के नाबाद 112 रन इस मैदान में किसी भारतीय बल्लेबाज का सर्वाधिक स्कोर है। इससे पहले 2020 में शिखर धवन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 96 रन की पारी खेली थी।

राजकोट, एजेंसी। दो साल से भी ज्यादा समय के बाद केएल राहुल ने कठिन पिच पर नाबाद शतक लगाते हुए भारतीय टीम को संकट में संभाल लिया। इसकी मदद से मेजबान टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बुधवार को दूसरे एक दिवसीय क्रिकेट मैच में सात विकेट पर 284 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बना लिया। नहीं चले रो-को : रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर के सस्ते में आउट होने के बाद राहुल ने 92 गेंद में 11 चौकों और एक छक्के की मदद से 112 रन की नाबाद पारी खेलकर उत्तरायण का त्यौहार मना रहे स्थानीय दर्शकों का जमकर मनोरंजन किया। उन्होंने दूसरे चरण में उपयोगी साझेदारियां करके मैच पर से न्यूजीलैंड का दबाव हटाया। यह उनका आठवां वनडे शतक है। एक समय भारतीय टीम का स्कोर एक विकेट पर 99 रन था। लेकिन फिर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए 24वें ओवर में भारत के चार विकेट 118 रन पर निकाल लिए। पिच में रफ्तार नहीं थी और कभी-कभी गेंद को नीचे की ओर उछाल मिल रहा था जिससे बल्लेबाजों को परेशानी आ रही थी। गिल का दूसरा पचासा : कप्तान शुभमन गिल ने 53 गेंद में 56 रन बनाए जो सीरीज में उनका लगातार दूसरा अर्धशतक है। न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने अच्छी शुरुआत करते हुए काफी कसी हुई गेंदबाजी की। रोहित शर्मा (24) को खाता खोलने में 11 गेंदों तक इंतजार करना पड़ा। रोहित ने कवर्स में एक शानदार ड्राइव लगाया लेकिन एक बार फिर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में विकेट गंवा बैठे। उन्होंने क्रिस्टियन क्लार्क की गेंद पर डीप कवर में विल यंग को कैच थमाया। क्लार्क ने आठ ओवर में 56 रन देकर तीन विकेट चटकाए। अय्यर सस्ते में गए : भारत के सलामी बल्लेबाज गिल और उसके बाद श्रेयस अय्यर (आठ) खराब शॉट खेलकर आउट हुए। गिल ने धीमी शुरुआत के बाद पैर जमाए और अपनी पारी में नौ चौके तथा फाइन लेग पर एक छक्का जड़ा। वह हालांकि काइल जैमीसन की शॉर्ट गेंद पर चकमा खा गए और मिडविकेट पर डेरिल मिचेल को आसान कैच दे बैठे। अय्यर ने क्लार्क की गेंद पर मिड ऑफ में ब्रेसवेल को कैच थमाया। लेकिन विराट कोहली के आउट होने पर निरंजन शाह स्टेडियम में सन्नाटा छा गया। कोहली ने पहली गेंद पर चौका लगाया लेकिन 23 के स्कोर पर क्लार्क की गेंद पर बोल्ड हो गए। स्थानीय सितारे रवींद्र जडेजा (27) का दर्शकों ने जमकर अभिवादन किया। अर्धशतकीय साझेदारियां : राहुल ने अपनी नाबाद पारी के दौरान दो अर्धशतकीय साझेदारियां निभाईं। पहले उन्होंने जडेजा के साथ पांचवें विकेट के लिए 88 गेंद पर 73 रन जोड़कर अपनी जिम्मेदारी भी बखूबी निभाई। वह ब्रेसवेल की गेंद पर रिटर्न कैच देकर लौटे। इसके बाद राहुल ने नीतिश कुमार रेड्डी (20) के साथ छठे विकेट के लिए 49 गेंदों पर 57 रन की साझेदारी की। पारी के अंत में राहुल ने छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया। न्यूजीलैंड के लिए क्रिस्टियन क्लार्क ने तीन विकेट लिए। काइल जैमीसन, जैकरी फॉक्स, जेडेन लेनॉक्स और माइकल ब्रेसवेल ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;