ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCR नई दिल्लीमहिलाओं की संसद में फसल मूल्य गारंटी बिल पारित

महिलाओं की संसद में फसल मूल्य गारंटी बिल पारित

संसद मार्ग पर सोमवार को दो दिवसीय किसान मुक्ति संसद का आयोजन हुआ। इसमें पहली बार महिला किसानों ने अपनी बात रखी। उन्होंने संपूर्ण कर्जा मुक्ति बिल एवं कृषि उपज लाभकारी मूल्य गारंटी बिल पारित किया। 19...

महिलाओं की संसद में फसल मूल्य गारंटी बिल पारित
हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीMon, 20 Nov 2017 11:45 PM
ऐप पर पढ़ें

संसद मार्ग पर सोमवार को दो दिवसीय किसान मुक्ति संसद का आयोजन हुआ। इसमें पहली बार महिला किसानों ने अपनी बात रखी। उन्होंने संपूर्ण कर्जा मुक्ति बिल एवं कृषि उपज लाभकारी मूल्य गारंटी बिल पारित किया। 19 राज्यों के लाखों किसान दस हजार किलोमीटर की किसान मुक्ति यात्रा पूरी कर दिल्ली पहुंचे हैं। नर्मदा बचाव आंदोलन की कार्यकर्ता मेधा पाटकर ने महिला किसानों की अगुवाई की।

किसान संसद मंगलवार को भी जारी रहेगी। यह आयोजन तीसरे दिन में प्रवेश करेगा या नहीं, यह शाम को तय होगा। किसानों की भारी संख्या के चलते नई दिल्ली में कई जगहों पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ।

किसान मुक्ति संसद की शुरुआत मंदसोर से लेकर अब तक पुलिस गोलीबारी में मारे गए किसानों, आत्महत्या करने वाले किसानों और कीटनाशक की वजह से जान खोने वाले 32 किसानों को श्रद्धांजलि देकर की गई। संयोजक वीएम सिंह ने कहा कि खेती अब घाटे का सौदा हो गया है। युवा पीढ़ी खेती से दूर होती जा रही है। प्रधानमंत्री ने किसानों का कर्ज माफ करने और फसल की लागत का डेढ़़ गुना मूल्य दिलाने की बात कही थी। अभी तक वह वादा पूरा नहीं किया गया। नर्मदा बचाओ आंदोलन एवं जन आंदोलनों की राष्ट्रीय समन्वयक मेधा पाटकर ने कहा, केंद्र सरकार को अब किसानों की सुध लेनी चाहिए। आत्महत्या करने वाले किसान परिवारों की महिलाओं ने कहा कि पहली बार उन्हें यह अहसास हुआ है कि अब उनकी बात भी सुनी जाएगी। उनके परिवार के साथ जो कुछ हुआ है, वह दूसरे परिवारों में नहीं होगा। किसान आत्महत्या नहीं, बल्कि संघर्ष करेंगे।

सांसद राजू शेट्टी अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति में शामिल

किसान संसद में सत्तारूढ़ गठबंधन को छोड़कर अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति में शामिल होने के लिए सांसद राजू शेट्टी एवं राजस्थान के किसान आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले पूर्व विधायक अमरा राम को सम्मानित किया गया। शेट्टी ने कहा, किसानों के साथ धोखा करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। दिल्ली के तख्त को हथियाने वाले लोगों को नीचे लाने की हिम्मत किसानों में है। भाजपा को केंद्र में स्पष्ट बहुमत मिला था, लेकिन किसानों के किए गए वादे सरकार भूल गई है। स्वराज अभियान के नेता योगेन्द्र यादव ने कहा, यह संसद इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगी। पहली बार हरे झंडे और लाल झंडे वाले किसान आंदोलनों का संगम हुआ है। सरकारों और नेताओं से किसान ने बहुत धोखा खाया है। अतुल कुमार अंजान ने कहा, देश का 54 फीसदी गेहूं और 57 फीसदी धान छोटे-मझोले-गरीब किसान पैदा करते हैं। पूर्व विधायक राजाराम सिंह, बुट्टा सिंह बुर्जगिल, वी वैंकट रमैया, प्रतिभा सिसांदे, कोडीहल्ली चंद्रससोखर और पूर्व विधायक डॉ सुनीलम सहित अनेक किसान नेता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें