केरल में छात्राओं को मासिक धर्म अवकाश मिलेगा

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

केरल की कांग्रेसनीत यूडीएफ सरकार स्कूली छात्राओं के लिए तीन दिन का मासिक धर्म अवकाश देने की योजना बना रही है। यह नई पहलों का हिस्सा है, जिसमें महिलाओं के लिए समान वेतन और मातृत्व अवकाश भी शामिल है। राज्यपाल ने इसे विधानसभा में प्रस्तुत किया और इसे केरल को महिला-अनुकूल राज्य बनाने की दिशा में एक कदम बताया।

केरल में छात्राओं को मासिक धर्म अवकाश मिलेगा

तिरुवनंतपुरम, एजेंसी। केरल में कांग्रेसनीत यूडीएफ सरकार स्कूली छात्राओं के लिए प्रतिमाह तीन दिन का मासिक धर्म अवकाश देने की योजना बना रही है। यह राज्य में महिलाओं और बच्चों के लिए तैयार की जा रहीं कई नई योजनाओं का एक हिस्सा है। राज्य सरकार की ये पहलें नई सरकार के नीतिगत भाषण में शामिल थीं, जिसे शुक्रवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विधानसभा में पढ़ा। राज्यपाल ने अभिभाषण में कहा, ‘मेरी सरकार स्कूली छात्राओं के लिए हर महीने अधिकतम तीन दिन मासिक धर्म अवकाश घोषित करने की योजना बना रही है। साथ ही सप्ताहांत में अतिरिक्त कक्षाओं की व्यवस्था की जाएगी, ताकि छात्राएं पढ़ाई में पीछे न रह जाएं।’

इसके अलावा सभी सरकारी कार्यालयों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, आईटी पार्क और 50 से अधिक कर्मचारियों वाले संस्थानों में सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाले डे-केयर सेंटर तथा क्रेच चलाना सुनिश्चित किया जाएगा।उन्होंने कहा, ‘मेरी सरकार केरल को देश का सबसे महिला-अनुकूल राज्य बनाएगी। कार्यस्थलों पर महिलाओं के लिए समान वेतन लागू करने के कदम उठाए जाएंगे। असंगठित क्षेत्र में काम करने वाली महिलाओं को विशेष लाभ दिए जाएंगे और उन्हें छह महीने का मातृत्व अवकाश प्रदान किया जाएगा।’

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।