
कोविड घोटाला::डी कुन्हा आयोग ने अंतिम रिपोर्ट कर्नाटक सरकार को सौंपी
कर्नाटक में कोविड-19 महामारी के दौरान मौतों और मेडिकल उपकरणों की खरीद में अनियमितताओं की जांच कर रहे जस्टिस माइकल डी कुन्हा आयोग ने अपनी अंतिम रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपी। आयोग ने पारदर्शिता की आवश्यकता और रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की सिफारिश की है। कांग्रेस ने भाजपा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।
बेंगलुरु, एजेंसी। कर्नाटक में कोविड-19 महामारी के दौरान मौतों और मेडिकल उपकरणों की खरीद में कथित अनियमितताओं की जांच कर रहे जस्टिस माइकल डी कुन्हा आयोग ने अपनी अंतिम रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप दी है। आयोग ने रिपोर्ट को व्यापक जनहित में सार्वजनिक करने की सिफारिश भी की है। सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति डी कुन्हा ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की मौजूदगी में मुख्य सचिव शालिनी रजनीश को रिपोर्ट सौंपी। आयोग ने कहा कि सार्वजनिक खरीद प्रणाली में पारदर्शिता और सुधार की आवश्यकता को देखते हुए सरकार को रिपोर्ट जल्द सार्वजनिक करनी चाहिए। इससे पहले आयोग की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर राज्य सरकार ने एसआईटी और बाद में जांच सीआईडी को सौंप दी थी।
कांग्रेस का आरोप है कि रिपोर्ट में भाजपा शासनकाल के दौरान कोविड संकट में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार उजागर हुआ है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने पहले ही आरोप लगाया था कि भाजपा ने लाशों पर भी भ्रष्टाचार किया। चिकित्सा शिक्षा मंत्री शरण प्रकाश पाटिल ने दावा किया कि मेडिकल उपकरण बाजार मूल्य से कहीं अधिक दामों पर खरीदे गए और लगभग 49 करोड़ रुपये की वसूली की सिफारिश की गई है। वहीं, भाजपा ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए रिपोर्ट को राजनीतिक प्रेरित बताया है। पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा ने कहा कि कोविड काल में सभी फैसले नियमों के तहत लिए गए थे और आरोप निराधार हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




