कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री का ऐलान आज
मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के इस्तीफे के बाद कांग्रेस शनिवार को कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री का नाम घोषित करेगी। पार्टी विधायक दल की बैठक में नए नेता का चयन किया जाएगा, जिसमें डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने की उम्मीद है। सिद्धरमैया और शिवकुमार दिल्ली में पार्टी के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं।

नई दिल्ली/ बेंगलुरु, एजेंसी। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के इस्तीफे के बाद कांग्रेस शनिवार को कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान करने वाली है। पार्टी के विधायक दल की बैठक में नए नेता के चयन के बाद साफ हो जाएगा कि कर्नाटक में अगले दो साल तक सत्ता की कमान किसे सौंपी जाएगी। हालांकि, उम्मीद यही जताई जा रही है कि सिद्धरमैया सरकार में उप मुख्यमंत्री रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार को ही सरकार का मुखिया घोषित किया जाएगा। उधर, मुख्यमंत्री की आधिकारिक घोषणा से पहले सिद्धरमैया और डीके शिवकुमार दोनों ही दिल्ली में हैं और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लगातार बैठकों-मुलाकातों का सिलसिला बना हुआ है। वर्ष 2013 से 2018 और फिर 2023 से 28 मई 2026 तक कर्नाटक के मुख्यमंत्री रहे सिद्धरमैया ने गुरुवार को पद से इस्तीफा दे दिया था। अपने आवास पर कैबिनेट सहयोगियों संग नाश्ते के दौरान बैठक में सिद्धरमैया ने मंत्रियों को अपने इस्तीफे की जानकारी दी थी। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी नेतृत्व के निर्देशानुसार उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। हालांकि, पार्टी की ओर से आधिकारिक तौर पर ऐसी कोई घोषणा अब तक नहीं की गई है。
बैठक का आयोजन
शुक्रवार को कर्नाटक कांग्रेस विधायक दल के सचिव अल्लमप्रभु पाटिल ने पार्टी के सभी विधायकों को एक पत्र जारी किया है। इसमें बताया गया है कि पार्टी विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार शाम चार बजे विधान सौध (राज्य विधानमंडल और सचिवालय का मुख्य भवन) के कॉन्फ्रेंस हॉल में होगी। जानकारी के अनुसार, इस बैठक में कांग्रेस विधायक अपना नया नेता चुनने वाले हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो बैठक के बाद डीके शिवकुमार को ही विधायक दल के नेता और राज्य के नए मुख्यमंत्री के तौर पर आधिकारिक और औपचारिक रूप से चुने जाने की उम्मीद है। उधर, सिद्धरमैया और डीके शिवकुमार दोनों ही सत्ता हस्तांतरण और नई कैबिनेट के गठन पर चर्चा के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेताओं से दिल्ली में मुलाकातें कर रहे हैं।
राज्यपाल की मंजूरी
राज्यपाल ने मंजूर किया त्यागपत्र
सिद्धरमैया गुरुवार को त्यागपत्र सौंपने लोकभवन पहुंचे थे, लेकिन राज्यपाल थावरचंद गहलोत राज्य से बाहर होने के कारण वहां नहीं थे। इस पर सिद्धरमैया ने अपना त्यागपत्र राज्यपाल के विशेष सचिव को सौंप दिया था। शुक्रवार को राज्यपाल ने उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया। लोकभवन की ओर से जारी एक अधिसूचना में राज्यपाल द्वारा त्यागपत्र मंजूर करने और सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली मंत्रिपरिषद को तुरंत भंग करने की जानकारी दी गई। राज्यपाल ने कहा, ‘नए मुख्यमंत्री के बनने तक सिद्धरमैया मुख्यमंत्री के तौर पर काम करते रहेंगे।’
बैठक में केंद्रीय नेता
बैठक में केंद्रीय नेता भी शामिल होंगे
कांग्रेस विधायक दल के सचिव अल्लमप्रभु पाटिल की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता सिद्धरमैया करेंगे। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार, कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, विधान परिषद में सदन के नेता एनएस बोसराजु और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


