
कानपुर के कार्डियोलॉजिस्ट को दिल्ली उठा ले गई एटीएस
संक्षेप: दिल्ली विस्फोट कांड की जांच में कानपुर के एक युवा डॉक्टर, जो कॉर्डियोलॉजी की पढ़ाई कर रहा है, पर शक किया गया है। एटीएस ने उसे पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया है कि डॉक्टर का दिल्ली धमाके के आरोपियों से संपर्क था और उसके मोबाइल से कई चौंकाने वाली जानकारियां मिली हैं।
कानपुर, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली विस्फोट कांड की जांच के सिलसिले में संदेह की जद में कानपुर का एक डॉक्टर भी आ गया है। यह युवा डॉक्टर कॉर्डियोलॉजी की पढ़ाई कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक, अनंतनाग के रहने वाले इस युवा डॉक्टर को बुधवार शाम एटीएस ने पूछताछ के बाद पकड़ लिया। उसे कानपुर से सीधे दिल्ली ले जाया गया है। जहां पहले से पकड़े गए धमाके के आरोपितों के साथ आमने-सामने बैठा कर पूछताछ होगी। सूत्रों का कहना है, डॉ. परवेज से पूछताछ में कई चौंकाने वाली जानकारियां मिली थीं। उन्हीं के आधार पर एटीएस ने यह कार्रवाई की है।

बताया जाता है कि दिल्ली विस्फोट वाले दिन इस डॉक्टर की परवेज और शाहीन के संपर्क में रहने वालों से बात हुई थी। एटीएस सूत्रों के मुताबिक वह कुछ समय पहले जम्मू-कश्मीर भी गया था। उसके डॉ. शाहीन से संपर्क बताए गए हैं। दावा किया जा रहा है कि दिल्ली धमाका और उससे चार दिन पहले जितनी गिरफ्तारियां हुई हैं, उनसे इस डॉक्टर का भी संपर्क निकला है। यह डॉक्टर भी संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त रहा है। उसके मोबाइल की कॉल डिटेल और उसमें मिले चैट से कई जानकारियां हाथ लगी है। एटीएस की टीम ने जैसे ही उसे उठाया, उसके घर वालों में हड़कंप मच गया। यह कार्रवाई इतनी तेजी से हुई कि डॉक्टर को भनक तक नहीं लगी। अगर एटीएस की टीम को पहुंचने में देर हो जाती तो वह हाथ न लगता। बुधवार शाम को ही वह कानपुर से बाहर निकलने वाला था। एटीएस और अन्य खुफिया एजेन्सियां उससे पूछताछ कर रही हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




