महात्मा गांधी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी पर कालीचरण महाराज गिरफ्तार

Dec 30, 2021 05:10 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

-पुलिस ने मध्य प्रदेश के खजुराहो से किया गिरफ्तार -बागेश्वर धाम के पास किराए

महात्मा गांधी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी पर कालीचरण महाराज गिरफ्तार

रायपुर। एजेंसी

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने के आरोप में छत्तीसगढ़ की रायपुर पुलिस ने कालीचरण महाराज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के खजुराहो में दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया। कालीचरण के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद रायपुर पुलिस के तीन दल उनकी तलाश में महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और दिल्ली में डेरा डाले हुए थे।

रायपुर जिले के पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि कालीचरण उर्फ अभिजीत धनंजय सराग मध्य प्रदेश में खजुराहो शहर से करीब 25 किलोमीटर दूर बागेश्वर धाम के पास एक किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस दल ने गुप्त सूचना के आधार पर तड़के वहां दबिश दी और कालीचरण को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने नियमों के तहत की कार्रवाई: बघेल

कालीचरण की गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्विटर पर एक वीडियो के जरिए बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने विश्व को शांति, भाईचारे, प्रेम, सत्य, अहिंसा और समानता का संदेश दिया है। ऐसे महापुरुष के बारे में कोई अभद्र भाषा का प्रयोग करे तो उनके खिलाफ कार्रवाई जरूरी है। राज्य की पुलिस ने सभी नियम प्रक्रियाओं को पालन कर अपनी जिम्मेदारी निभाई है। कालीचरण के परिवार वालों और वकील को उनकी गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है। एक अन्य ट्वीट में मुख्यमंत्री ने कहा कि न्याय में इतना विलंब नहीं होना चाहिए कि वह अन्याय जैसा लगने लगे। भाजपा नेताओं को यह बताना चाहिए कि इस गिरफ्तारी पर वे खुश हैं या दुखी।

क्या है मामला

दरअसल, रायपुर के रावणभाठा मैदान में हाल में आयोजित एक धर्म संसद में कालीचरण महाराज ने महात्मा गांधी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद कांग्रेस नेताओं की शिकायत पर रायपुर पुलिस में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। उनके खिलाफ विभिन्न वर्गों के बीच शत्रुता, घृणा या द्वेष पैदा करने का भी आरोप है। इसके अलावा महाराष्ट्र के अकोला में भी कालीचरण के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।