
खेल : जेमिमा को मिली दिल्ली कैपिटल्स की कमान
जेमिमा रोड्रिग्स को अगले साल महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के लिए दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी सौंपी गई है। उन्होंने पिछले महीने भारतीय महिला टीम को वनडे विश्व कप दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वह 10 जनवरी को मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले मैच में टीम की कमान संभालेंगी।
नई दिल्ली। जेमिमा रोड्रिग्स को अगले साल होने वाले महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के लिए दिल्ली कैपिटल्स की कमान सौंपी गई है। वह ऑस्ट्रेलिया की मेग लेनिंग की जगह लेंगी जिनकी कप्तानी में टीम लगातार तीन बार फाइनल में पहुंची। डब्ल्यूपीएल की शुरुआत नौ जनवरी से होगी। फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को जेमिमा को टीम की कप्तानी देने का ऐलान किया। जेमिमा ने पिछले महीने भारतीय महिला टीम को पहली बार वनडे विश्व कप दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में रिकॉर्ड लक्ष्य हासिल करने के दौरान शानदार शतकीय पारी खेली थी। उन्होंने डब्ल्यूपीएल के 27 मैचों में 139.66 की स्ट्राइक रेट से 507 रन बनाए हैं।
जेमिमा ने कहा, दिल्ली की कप्तानी करना मेरे लिए सम्मान की बात है। इस भरोसे के लिए मैं टीम मालिकों और सपोर्ट स्टाफ की आभारी हूं। यह साल मेरे और परिवार के लिए सपने सच होने जैसा रहा है। पहले विश्व कप जीतना और अब उस टीम की कमान संभालना जिसकी पहले सत्र से ही मेरे दिल में खास जगह रही है। दिल्ली कैपिटल्स ने डब्ल्यूपीएल की शुरुआती नीलामी में सबसे पहले रोड्रिग्स को ही चुना था। दिल्ली 10 जनवरी को नवी मुंबई में अपने पहले मैच में मुंबई इंडियंस का सामना करेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




