Delhi News: सीजेपी के सौरव दास, आशुतोष रांका को जेल भेजा
Delhi News: जंतर-मंतर में पाबंदी के बावजूद सुरक्षा घेरा पार कर प्रदर्शन करने के मामले में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास और सह-संयोजक आशुतोष रांका को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे पांच हजार रुपये के बॉन्ड और छह महीने तक अशांति न फैलाने की शर्त पर रिहा हुए। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे तक विरोध जारी रखने की बात कही।

Delhi News: जंतर-मंतर क्षेत्र में पाबंदी के बावजूद जबरन घुसने और सुरक्षा घेरा तोड़ने के मामले में गिरफ्तार कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और सह-संयोजक आशुतोष रांका को बुधवार को कोर्ट में पेशी के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इसी मामले में हिरासत में लिए गए सीजेपी के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे को पुलिस ने पांच हजार रुपये का मुचलका (बॉन्ड) भरवाने और अगले छह महीने तक किसी भी प्रकार की अशांति न फैलाने की कड़ी शर्त के साथ रिहा कर दिया है। वहीं, साथियों की गिरफ्तारी और खुद पर लगी पाबंदियों पर प्रतिक्रिया देते हुए सीजेपी नेता अजिंक्य शिंदे ने सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर को डीनोटिफाई करके सरकार जन-आंदोलनों को कुचलना चाहती है। सौरव दास और आशुतोष रांका को जेल भेजकर हमारे हौसले नहीं तोड़े जा सकते। हमारे साथियों ने लोकतंत्र को बचाने के लिए शांतिपूर्ण तरीके से बैरिकेड्स पार किए थे। शर्तों और बॉन्ड के सहारे हमारी आवाज को दबाया नहीं जा सकता। मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे तक हमारा प्रतिरोध जारी रहेगा। पुलिस के मुताबिक, जंतर-मंतर को आधिकारिक धरना स्थलों की सूची से हटाए जाने के विरोध में सीजेपी के 14 सदस्यों ने मंगलवार को इस इलाके में जबरन घुसने का प्रयास किया। सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे की अगुवाई में सभी 14 प्रदर्शनकारी बंद पड़े लोहे के गेट और सुरक्षा बैरिकेड्स को लांघकर जंतर-मंतर परिसर के भीतर जा कूदे और अंदर पहुंचने पर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी थी। इसके बाद नई दिल्ली जिले की पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया था।

