राजौरी में खाई में गिरने से सेना के अधिकारी की मौत
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में एक सेना अधिकारी की मौत हो गई। वह ऑपरेशन शेरूवाली के दौरान खाई में गिर गए। अधिकारी की पहचान लेफ्टिनेंट के रूप में हुई है। वह पाकिस्तानी आतंकवादियों की खोज में लगे थे। घटना में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

जम्मू, एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान शनिवार शाम एक सेना अधिकारी की खाई में गिरने से मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, मृतक अधिकारी लेफ्टिनेंट पद पर तैनात थे और सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन शेरूवाली का हिस्सा थे। यह अभियान शनिवार को 15वें दिन में प्रवेश कर गया। ऑपरेशन शेरूवाली राजौरी जिले के डोरी माल और गंभीर मुगलान क्षेत्र में चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली थी कि दो से तीन पाकिस्तानी आतंकवादी जंगलों में छिपे हुए हैं, जिनकी तलाश में तलाशी अभियान जारी है।
तलाशी अभियान के दौरान डोरी माल में लेफ्टिनेंट का पैर फिसल गया और वह करीब 30 मीटर गहरी खाई में गिर गए। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि बचाव दल ने उनका शव बरामद कर लिया है। घटना के संबंध में अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


