जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकियों ने बरसाईं गोलियां, एक की मौत
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में संदिग्ध आतंकवादियों ने एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले श्रमिकों पर गोलियां चलाईं। इस हमले में एक श्रमिक की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने आतंकियों की तलाश में अभियान शुरू किया है। यह 10 दिन में दूसरा आतंकवादी हमला है।

श्रीनगर, एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में संदिग्ध आतंकवादियों ने एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले श्रमिकों पर गोलियां बरसा दीं। आतंकी हमले में एक की जान चली गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस और सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाश में अभियान शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि घटना शुक्रवार को कुलगाम जिले के किल्लम इलाके में एक ईंट भट्ठे पर हुई। यहां दो संदिग्ध आतंकी पहुंचे और भट्ठे पर काम करने वाले दूसरे राज्यों के श्रमिकों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमले में एक श्रमिक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि घायल को प्राथमिक उपचार के बाद अनंतनाग रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ निवासी दीपक के तौर पर हुई है। वहीं घायल का नाम भूपेंद्र कुमार निवासी उत्तर प्रदेश बताया गया है। अस्पताल में घायल की हालत नाजुक बनी हुई है। उधर, हमले के बाद पुलिस, सेना और सुरक्षाबलों ने हमलावरों का पता लगाने के लिए इलाके में घेराबंदी और तलाशी का एक बड़ा अभियान शुरू किया है.
10 दिन के भीतर दूसरा हमला
जम्मू-कश्मीर में 10 दिन के भीतर यह इस तरह का दूसरा आतंकी हमला है। इससे पहले अनंतनाग में अमरनाथ यात्रा ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी आशिक हुसैन कुरैशी को आतंकी ने गोली मार दी थी। इस घटना के बाद 3000 से अधिक संदिग्ध हिरासत में लिए गए हैं।


