जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण को कैबिनेट की मंजूरी

Apr 08, 2026 06:55 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने जयपुर मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण को मंजूरी दी है। इस चरण में 41 किलोमीटर लंबा मार्ग और 36 स्टेशन होंगे। कुल लागत 13,037 करोड़ रुपये होगी। इसका कार्यान्वयन राजस्थान मेट्रो रेल निगम द्वारा किया जाएगा और यह 2031 तक पूरा होगा। यह परियोजना शहर के सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करेगी।

जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण को कैबिनेट की मंजूरी

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने जयपुर मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण को बुधवार को मंजूरी दे दी। इस परियोजना में 41 किलोमीटर लंबा मेट्रो मार्ग होगा, जिसमें 36 स्टेशन शामिल होंगे। इसकी कुल लागत 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक होगी। शहर में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने की दिशा में इस परियोजना को एक बड़ा कदम माना जा रहा है। केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद कहा कि जयपुर मेट्रो परियोजना के फेज-दो के तहत प्रह्लादपुरा से टोड़ी मोड़ तक उत्तर-दक्षिण परिपथ को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना की कुल लागत 13037.66 करोड़ रुपये होगी।

फेज-2 कॉरिडोर सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र, वीकेआईए, जयपुर हवाई अड्डा, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल और स्टेडियम, अंबाबारी और विद्याधर नगर जैसे प्रमुख गतिविधि केंद्रों को निर्बाध संपर्क प्रदान करेगा। इसमें हवाई अड्डा क्षेत्र का भूमिगत स्टेशन भी शामिल है। परियोजना का कार्यान्वयन राजस्थान मेट्रो रेल निगम लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। यह केंद्र और राजस्थान सरकार का एक संयुक्त उद्यम है।2031 तक परियोजना पूरी होगीफेज-दो को मौजूदा फेज-एक से इंटरचेंज और फीडर सेवाओं के माध्यम से जोड़ा जाएगा। इससे शहर में एकीकृत मेट्रो नेटवर्क तैयार होगा। वर्तमान में जयपुर मेट्रो फेज-1 पर प्रतिदिन लगभग 60 हजार यात्री सफर करते हैं। फेज-2 शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या में कई गुना वृद्धि होने की उम्मीद है। इससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और सार्वजनिक परिवहन का दायरा बढ़ेगा। सितंबर 2031 तक परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य है। जयपुर मेट्रो का फेज-2 शहर को आधुनिक और भवष्यि के लिए तैयार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।-----------------------------

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।