ईरान पड़ोसी देशों के पानी को बना रहा निशाना
ईरान ने अमेरिका और इजरायल के हमलों के जवाब में अपने पड़ोसी देशों पर हमले तेज कर दिए हैं। बहरीन में ईरान के हमलों ने पानी के संसाधनों को निशाना बनाया है। इन हमलों में सॉलिड फ्यूल मिसाइल तकनीक का उपयोग किया गया। ईरानी सेना ने कहा कि वे लंबी लड़ाई के लिए तैयार हैं।

तेहरान/ दुबई/ बहरीन/ तेल अवीव , एजेंसी। अमेरिका और इजरायल के हमलों के जवाब में ईरान ने भी अमेरिकी सैन्य बेस वाले अपने पड़ोसी देशों पर हमले तेज कर दिए हैं। बहरीन का आरोप है कि ईरान ने ताजा हमले में पानी को निशाना बनाते हुए अलवणीकरण प्लांटों (समुद्र के खारे पानी को पीने लायक मीठा बनाने वाली इकाइयों) को नष्ट कर दिया। इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने रविवार को अमेरिका-इजरायल के खिलाफ जारी ‘ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस’ के तहत अपने 27वें हमले की शुरुआत की घोषणा की। कहा कि इस चरण में मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल और बढ़ाया जाएगा।
आईआरजीसी ने हाइफा में जायोनी सैन्य ठिकाने, मरीना में अमेरिकी सेना की तैनाती वाली जगह, बहरीन में यूएस फिफ्थ फ्लीट का स्थान और सलमान पोर्ट के कमांड सेंटर को निशाना बनाने की बात कही है। दावा किया कि हमलों के बाद इन इलाकों में दिनभर सायरन गूंजते रहे। आईआरजीसी ने कहा कि ईरानी सेनाएं लंबे समय तक लड़ने के लिए तैयार हैं।उधर, बहरीन ने रविवार को जानकारी दी कि ईरान ने ड्रोन हमलों में देश के डीसेलिनेशन प्लांट को खासा नुकसान पहुंचाया है। बताया कि फारस की खाड़ी के तट पर ऐसे सैकड़ों प्लांट हैं। देश की बड़ी आबादी के लिए पीने के पानी और सिंचाई के पानी की आपूर्ति इन्हीं प्लांटों में तैयार होने वाले पानी से की जाती है। ईरान के इस हमले के बाद यह डर बढ़ गया है कि युद्ध में आम नागरिकों के लिए जरूरी संसाधनों को और ज्यादा निशाना बनाया जा सकता है। बहरीन के गृह मंत्रालय ने कहा कि हमलों के दौरान मनामा में मिसाइल के टुकड़े गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया और कई दुकानों को नुकसान हुआ। मुहर्रक शहर में एक विश्वविद्यालय भवन में तीन लोग जख्मी हुए हैं।सॉलिड फ्यूल मिसाइल तकनीक का इस्तेमालतेहरान। आईआरजीसी ने बताया कि ताजा हमलों में ईरान के एयरोस्पेस डिवीजन द्वारा विकसित ‘सॉलिड-फ्यूल मिसाइल तकनीक’ का इस्तेमाल किया गया है। बताया कि रविवार को खेइबर-शेकन मिसाइलें अमेरिका और इजरायल के ठिकानों पर दागी गईं। इन मिसाइलों में अंतिम बिंदु पर पहुंचकर सेंसर की मदद से लक्ष्य की पहचान करने और सटीक हमले की क्षमता है। इनके अलावा मानवरहित ड्रोन से भी हमले किए गए हैं।यूएई पर 117 ड्रोन, 16 मिसाइलें दागींदुबई। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का कहना है कि ईरान ने रविवार को 16 बैलिस्टिक मिसाइलें और 117 से अधिक ड्रोन दागे। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सभी 16 मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया गया। इनके अलावा एक अन्य मिसाइल समुद्र में गिरी। अधिकतर ड्रोन भी नष्ट कर दिए गए। हालांकि चार ड्रोन जमीन पर गिरे हैं। इस दौरान एक गाड़ी पर मलबा गिरने से चालक की मौत हो गई।कुवैत में हवाई अड्डे को निशाना बनायाकुवैत। अधिकारियों ने बताया कि ईरानी सेना ने रविवार को सैकड़ों ड्रोन हमले किए। इस दौरान कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ईंधन टैंक और कुवैत सिटी में एक सरकारी भवन समेत अन्य इमारतों को निशाना बनाया गया। कुवैत की सेना ने एक्स पर लिखा, ‘कुवैती एयर डिफेंस दुश्मन के मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना कर रहे हैं। धमाके की आवाजें ईरानी मिसाइलों को हवा में ही नष्ट करने की वजह से आ रही हैं।’सऊदी अरब ने ड्रोन मार गिराएदुबई। सऊदी अरब ने कहा कि उसने रविवार को अपने बड़े शायबाह ऑयल फील्ड की ओर बढ़ रहे एक ड्रोन को नष्ट कर दिया। इसके अलावा राजधानी रियाद के ऊपर भी चार ड्रोन नष्ट किए गए। जानकारी के अनुसार, इनमें से एक ड्रोन हमला ‘राजनयिक आवासों’ को निशाना बनाकर बनाया गया था।हिज्बुल्लाह ने इजरायल पर रॉकेट दागेदुबई। हिज्बुल्लाह ने भी रविवार सुबह इजरायली सेना पर राकेट हमले किए। हिज्बुल्लाह ने कहा कि यह लेबनान पर किए गए इजरायली हमले का जवाब था। कहा कि सीमा पर बसे शहर ऐतरौन के पास हिज्बुल्लाह लड़ाकों की इजरायली सैनिकों के साथ झड़प भी हुई है।इजरायल में गूंजते रहे ‘एयर रेड’ सायरनयेरुशलम। ईरान ने रविवार सुबह इजरायल के कई शहरों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। इस दौरान पूरे इजरायल में करीब पांच घंटे तक ‘एयर रेड’ सायरन गूंजते रहे। इजरायली सेना के बयानों के अनुसार, एयर डिफेंस ने हमलों का करारा जवाब दिया। तेल अवीव, हाइफा, बीरशेबा, उत्तरी, दक्षिणी और मध्य इजरायल में अलर्ट के बाद नागरिकों को शेल्टर रूम में रहने का आदेश दिया गया। हमले रुकने के बाद लोगों को बाहर निकलने की अनुमति दे दी गई।ईरान के यज्द में धमाकेतेहरान। ईरानी सरकारी मीडिया ने बताया कि रविवार को सेंट्रल यज्द प्रांत में कई धमाके सुने गए। हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इन धमाकों में कितना नुकसान हुआ है। इसके अलावा तेहरान, सेंट्रल इस्फहान सहित देश के दूसरे हिस्सों में भी धमाके होने की भी खबरें थीं।इराक में ईरान विरोधी समूहों पर हमलेएरबिल। आईआरजीसी ने बताया कि उन्होंने इराक के कुर्दिस्तान में ईरान विरोधी अलगाववादी समूहों को निशाना बनाया है। एक अधिकारी ने बताया कि एरबिल इलाके में तीन ईरानी कुर्द पार्टियों के ठिकानों पर ड्रोन हमले किए गए। उधर, शनिवार देर रात सुलेमानियाह शहर में संयुक्त राष्ट्र कार्यालय के पास धमाके के बाद धुआं उठता देखा गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


