धोखाधड़ी में शामिल 50 हजार का इनामी गिरफ्तार
- दिल्ली सहित कई राज्यों में वारदात की नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली पुलिस...

- दिल्ली सहित कई राज्यों में वारदात की
नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने धोखाधड़ी में शामिल 50 हजार रुपये के एक इनामी जालसाज को राजस्थान के सीकर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में कई वारदात की थी। आरोपी खेल सिंह उर्फ करण वर्मा हरियाणा का रहने वाला है।
स्पेशल सेल ने बताया कि सूचना मिली थी कि आरोपी खेल सिंह वर्तमान में दिल्ली और राजस्थान में अपनी गतिविधियां संचालित कर रहा है। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी पहचान और ठिकाने बदल रहा था। इसके बाद एक टीम को इसके पीछे लगाया गया। टीम को सूचना मिली कि आरोपी अपने साथियों के साथ राजस्थान के सीकर में एक पेट्रोल पंप के पास मिलेगा। पुलिस ने वहां पहले से ही जाल बिछाया और उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में पता चला कि खेल सिंह उर्फ खेलू का जन्म और पालन-पोषण हरियाणा के दादरी स्थित गांव मालकोश में हुआ। इसके पिता एक किसान थे जिनकी 2014 में मौत हो गई। इसने 10वीं कक्षा तक पढ़ाई की थी और फिर अपने पिता के साथ खेती शुरू कर दी थी। वर्ष-2006-2007 में, मर्चेंट नेवी में काम करने वाले इनके बड़े भाई की मृत्यु के बाद भाभी ने इनके और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया। वहीं 2012 में, खेल सिंह को भूमि विवाद पर हमले से संबंधित एफआईआर संख्या 152/12 धारा 148/149/323/506/307 आईपीसी पीएस बौंद कला, हरियाणा में गिरफ्तार किया गया था। उच्च न्यायालय से जमानत पर रिहा होने के बाद वह अदालत की तारीखों पर उपस्थित नहीं हुआ, इसलिए उसे मामले में भगोड़ा (पीओ) घोषित कर दिया था।
