डिजिटल उपकरणों की जांच के बाद ठगी की राशि और पीड़ितों की संख्या बढ़ने की संभावना है

Mar 01, 2026 04:30 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

- पश्चिमी जिले की साइबर थाना पुलिस ने देशभर के 11 राज्यों में की कार्रवाई

डिजिटल उपकरणों की जांच के बाद ठगी की राशि और पीड़ितों की संख्या बढ़ने की संभावना है

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। पश्चिमी जिला की साइबर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोहों के खिलाफ देशव्यापी अभियान चलाकर 11 राज्यों में एक साथ छापेमारी कर 27 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी 1.5 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी में शामिल थे। आरोपियों के बैंक खातों की जांच में करीब 13.91 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है। उनके खिलाफ गृह मंत्रालय के पोर्टल पर 150 से ज्यादा शिकायतें भी मिली हैं। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 25 मोबाइल फोन, 28 सिम कार्ड, 20 बैंकिंग कार्ड, एक पीओएस मशीन, एक मोटरसाइकिल तथा कई बैंक दस्तावेज और खाता किट बरामद किए गए हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। 11 राज्यों में एक साथ कार्रवाई पुलिस अधिकारी ने बताया कि एसीपी ऑपरेशन विजय कुमार और इंस्पेक्टर विकास बुलडक के नेतृत्व में कई टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल समेत 11 राज्यों में एक साथ छापेमारी कर आरोपियों को दबोचा। गिरोह के सदस्य अलग-अलग राज्यों में रहकर फर्जी बैंक खाते खुलवाने, सिम कार्ड उपलब्ध कराने, रकम ट्रांसफर करने और निकासी करने का काम संभालते थे। आरोपी ऐसे देते थे लोगों को झांसा जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी निवेश योजनाओं में ऊंचे रिटर्न का झांसा देते थे। कुछ मामलों में बैंक अधिकारी बनकर एपीके फाइल भेजी जाती थी, जिससे मोबाइल फोन हैक कर खातों से रकम निकाल ली जाती थी। सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर क्रेडिट कार्ड और ओटीपी की जानकारी हासिल की जाती थी। इसके अलावा वीजा दिलाने और ऑनलाइन टास्क देकर कमाई कराने के नाम पर भी लोगों से लाखों रुपये वसूले गए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। डिजिटल उपकरणों की जांच के बाद ठगी की राशि और पीड़ितों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।