राजस्थानः कोटा अस्पताल में एक और प्रसूता की मौत, चार की हालत गंभीर
राजस्थान के कोटा में सी-सेक्शन के बाद एक और प्रसूता की मौत हो गई। 19 वर्षीय ज्योति नायक की मौत उपचार के दौरान हुई। परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें गलत दवा दी गई। चार अन्य महिलाओं की हालत गंभीर है, जिनमें से कुछ को जयपुर भेजा जा रहा है। मामले की जांच के लिए समितियों का गठन किया गया है।

- सी-सेक्शन के बाद संक्रमण का मामला, परिजनों ने लगाया गलत दवा देने का आरोप कोटा, एजेंसी। राजस्थान के कोटा के राजकीय न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) में सी-सेक्शन के बाद संक्रमण से एक और प्रसूता की मौत हो गई। गुरुवार सुबह 19 वर्षीय ज्योति नायक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले मंगलवार को पायल नामक महिला की मौत हुई थी, जबकि चार महिलाओं की हालत नाजुक बनी हुई है और गंभीर किडनी फेल्योर के चलते उन्हें जयपुर भेजने की तैयारी की जा रही है।
अस्पताल प्रशासन की स्थिति
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सोमवार शाम करीब 12 महिलाओं का सी-सेक्शन हुआ था। इनमें से छह महिलाओं की तबीयत आठ से 12 घंटे बाद बिगड़ गई। उन्हें ब्लड प्रेशर गिरने, प्लेटलेट्स कम होने और यूरिन रुकने जैसी गंभीर समस्याएं हुईं, जिसके बाद सभी को नेफ्रोलॉजी वार्ड में भर्ती कराया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर के सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम बुधवार रात कोटा पहुंची। टीम में एनेस्थीसिया, मेडिसिन, गायनेकोलॉजी और नेफ्रोलॉजी विशेषज्ञ शामिल हैं।
परिजनों का आरोप
ज्योति के परिजनों ने अस्पताल परिसर में शव लेने से इनकार करते हुए प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। मृतका के पति रवि ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी समेत अन्य महिलाओं को गलत दवा या गलत डोज दी गई, जिससे उनकी हालत बिगड़ी और दो महिलाओं की मौत हो गई। मामले की जांच के लिए जिला प्रशासन ने कई समितियों का गठन किया है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


