Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsIndiGo Flight Cancellations Skyrocket Airfares Amid High Demand
इंडिगो की विमान सेवा जमीन पर, किराया पहुंचा आसमान पर

इंडिगो की विमान सेवा जमीन पर, किराया पहुंचा आसमान पर

संक्षेप:

बीते चार दिनों में इंडिगो की उड़ानें रद्द होने से देश में हवाई किराए आसमान छू गए हैं। दिल्ली से मुंबई के टिकट 25 से 41 हजार रुपये में बिक रहे हैं, जबकि सिंगापुर का टिकट सस्ता है। सरकार ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और एयरलाइंस को यात्रियों की सुविधाओं में सुधार करने के निर्देश दिए हैं।

Dec 05, 2025 07:31 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। बीते चार दिनों में देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो की अधिकांश उड़ानें जमीन पर आ गई हैं, जिससे हवाई किराए ने आसमान छू लिया है। इंडिगो की उड़ानें बड़ी संख्या में रद्द होने से दूसरी विमानन कंपनियों ने किराए में बेतहाशा बढ़ोतरी कर दी है। हवाई टिकट के दाम चार गुना से भी अधिक बढ़ा दिए गए है, जिसके बाद दिल्ली से सिंगापुर जाना मुंबई जाने से सस्ता हो गया है। उधर, स्थिति को देखते हुए नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने अपने पूर्व के साप्ताहिक आराम संबंधी आदेश को वापस ले लिया है। जबकि उड्डयन मंत्रालय ने इंडिगो से जुड़े मामले में उच्च स्तरीय जांच बैठा दी है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

शुक्रवार को इंडिगो की 1000 से अधिक उड़ानें विमान दल के सदस्यों की उचित उपलब्धता न होने के कारण रद्द हुईं। इसके साथ ही, बीते चार दिनों में रद्द हुई उड़ानों की संख्या 1900 के पार पहुंच गई है। त्योहारी सीजन के बीच बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने व घंटों की देरी से उड़ान भरने के कारण दिल्ली, चेन्नई, बेंगलुरु, कोलकाता, पुणे, हैदराबाद समेत देश के अन्य हवाई अड्डों पर यात्रियों की भीड़ लगी रही। हवाई अड्डों पर लोगों को अपने सामान के साथ नीचे फर्श पर लेटने को मजबूर होना पड़ा है। उधर, शादी और अन्य ऑफिशियल काम के बीच आपात स्थिति में काफी लोगों को मजबूरी में दूसरे विमान कंपनियों की उड़ानों से मोटी कीमत पर टिकट बुक कराने पर मजबूर होना पड़ा। दिल्ली से मुंबई के बीच के हवाई टिकट शुक्रवार को 25 से 41 हजार के बीच में बुक हुए, जो सामान्य दिनों में सात से 10 हजार रुपये में बुक होते हैं। दूसरी विमानन कंपनियों से इस अवसर को मोटे मुनाफे के तौर पर भुनाया। इसका अंदाजा ऐसे भी लगाया जा सकता है कि दिल्ली से सिंगापुर जाना, दिल्ली से मुंबई जाने से आधा सस्ता था। दिल्ली से सिंगापुर का टिकट शुक्रवार शाम को 20584 रुपये से लेकर 21983 रुपये तक बुक हो रहा था, जबकि मुंबई का टिकट 40572 रुपये का था। यही स्थिति दिल्ली से कोलकाता, बेंगलुरु, चेन्नई, रांची, चंडीगढ़ व अन्य मार्गों के हवाई टिकटों की रही। सरकार ने इंडिगो से जुड़े मामले में उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित करने का फैसला लिया है, जो पूरे मामले की जांच करेगी। कमेटी देखेगी कि आखिरकार इंडिगो में हुई परिचालन संबंधी गड़बड़ी की मुख्य वजह क्या है? इस मामले में जवाबदेही तय कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो। जांच कमेटी भविष्य को लेकर ठोस सिफारिश भी देगी। स्थिति को देखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय के निर्देश पर 24×7 कंट्रोल रूम सक्रिय किया गया है। यात्री 011-24610843, 011-24693963, 096503-91859 पर कॉल कर किसी भी तरह की सहायता ले सकते हैं। मंत्रालय ने निर्देश दिया है कि एयरलाइंस अपनी ऑनलाइन सूचना प्रणाली को मजबूत करें। यात्रियों को रियल-टाइम उड़ान स्थिति की सटीक जानकारी प्रदान करें। किसी भी उड़ान रद्द होने की स्थिति में एयरलाइंस स्वचालित रूप से पूरा रिफंड जारी करेंगी, जिसके लिए यात्रियों को कोई आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। लंबे समय तक देरी की स्थिति में यात्रियों को होटल में ठहराने की सुविधा एयरलाइंस द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। उन्हें लाउंज एक्सेस और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं, सभी देरी ग्रस्त यात्रियों को खाने-पीने की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। डीडीसीए के महानिदेशक फैज अहमद किदवई ने पायलटों और संघों से अनुरोध किया है कि हम सामूहिक रूप से यह सुनिश्चित करें कि लाखों यात्रियों के लिए हवाई यात्रा सुरक्षित, विश्वसनीय और न्यूनतम रूप से बाधित हो। इंडिगो के कारण मौजूदा हवाई यात्रा प्रभावित हुई। परिचालन संबंधी बाधाओं, अप्रत्याशित मौसम के पैटर्न और बढ़ती मौसमी मांग के कारण देश भर में उड़ानें प्रभावित हुई हैं। विमानन क्षेत्र एक महत्वपूर्ण तनाव का सामना कर रहा है। इन व्यवधानों के कारण यात्रा में देरी, यात्रियों को असुविधा और एयरलाइन संचालन पर दबाव बढ़ गया है। ऐसे में आप सभी मिलकर सहयोग करें। स्थिति को देखते हुए नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने अपने पूर्व के साप्ताहिक अवकाश संबंधी आदेश को वापस ले लिया है। जारी आदेश में कहा गया है कि विमानों के परिचालन में लगातार आ रही बाधा और एयरलाइंस से मिले आवेदन को ध्यान में रखते हुए साप्ताहिक अवकाश के फैसले को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाता है। हवाई उड़ानों में निरंतरता और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला लिया गया है। उधर, डीजीसीए ने जानकारी दी कि फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिट (एफडीटीएल) संबंधी आदेश पर 10 फरवरी 2026 तक छूट प्रदान की है। डीजीसीए के साथ बैठक में इंडिगो ने स्वीकार किया कि परिचालन संबंधी दिक्कतें एफडीटीएल संबंधी नियमों के चलते हुईं। कंपनी की क्रू प्लानिंग और रोस्टिंग की तैयारी अपर्याप्त थी। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए प्राथमिक जवाबदेही ऑपरेटर ने स्वीकार की है। साथ ही, एयरलाइंस ने नियमों का अनुपालन करने के लिए क्रू की जल्द भर्ती शुरु करने का भी भरोसा दिया। इस दौरान हर 14 दिन पर ऑपरेटर के कार्यों की समीक्षा की जाएगी।