सात घंटे इंतजार के बाद भी नहीं मिला विमान
बेंगलुरु एयरपोर्ट पर इंडिगो के विमानों के रद्द होने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री 6 से 7 घंटे एयरपोर्ट पर बैठे रहे और अंत में घर लौटने को मजबूर हो गए। हालात इतने खराब थे कि एयरपोर्ट पर बैठने की जगह नहीं थी और खाने-पीने की चीजों की कमी हो गई।

बेंगलुरु, एजेंसी। इंडिगो के विमान रद्द होने के कारण एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल है। यात्रा के लिए बेंगलुरु एयरपोर्ट पर पहुंचे कई यात्री छह से सात घंटे एयरपोर्ट पर बैठने के बाद वापस घर लौटने को मजबूर हो गए। विमानों की देरी का आलम ये था कि एयरपोर्ट पर रेलवे स्टेशन जैसा नजारा दिख रहा था। बेंगलुरु एयरपोर्ट पर विमान का इंतजार कर रहे एक यात्री ने बताया कि हालात इतने खराब हैं कि एयरपोर्ट पर बैठने की जगह नहीं है। विमान लगातार रद्द हो रहे हैं। वहीं हर पल नए यात्री एयरपोर्ट पहुंच रहे हैं। हालात इस कदर खराब हैं कि जिसको जहां जगह मिल रही है, वहीं बैठकर विमान का इंतजार कर रहा।
भीड़-भाड़ का आलम ये है कि एयरपोर्ट पर खाने- पीने की चीजों को लेकर मारामारी मची है। मेरे पास कोई जवाब नहीं ट्रैवल एजेंट सुधीर पोकरना ने बताया कि उनसे जिसने टिकट कराई है वो लोग लगातार फोन कर रहे हें। मुझे समझ नहीं आ रहा कि मैं लोगों को क्या जवाब दूं क्योंकि कुछ भी स्पष्ट नहीं है। हर कोई अपनी परेशानी बता रहा। मुझसे समस्या के समाधान की मांग कर रहे लेकिन मेरे पास कोई विकल्प नहीं है। विमान यात्री हुए हलकान विमानों के रद्द होने के कारण देश के अलग-अलग एयरपोर्ट पर यात्री परेशान रहे। मुंबई, हैदराबाद समेत अन्य एयरपोर्ट पर पहुंचे यात्रियों को विमान से सफर का मौका नहीं मिला तो वे दूसरे विकल्प की तलाश में जुट गए। हालांकि एयरपोर्ट पर अव्यवस्था की स्थिति के कारण लोग बेबस नजर आए। बच्चे- बुजुर्ग हुए मायूस हैदराबाद एयरपोर्ट पर विमान के इंतजार में बैठे एक यात्री ने बताया कि उन्हें शादी में शामिल होने के लिए मुंबई जाना था। अचानक विमान रद्द हो गया है। दूसरा कोई विकल्प भी नहीं है। उन्होंने बताया कि बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं, लेकिन कोई किसी की मदद करने वाला नहीं है। देहरादून एयरपोर्ट पर दस फ्लाइटें देरी से पहुंची डोईवाला, संवाददाता। देश के विभिन्न शहरों से बुधवार को जौलीग्रांट देहरादून आने वाली दस फ्लाइटें देरी से पहुंचीं। इसके पीछे तकनीकी खामी को कारण बताया गया है। देरी से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक सुबह 7:50 बजे इंडिगो की अहमदाबाद से आने वाली फ्लाइट 8:55 बजे जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर पहुंची। इसके बाद दिल्ली से सुबह 9:00 बजे आने वाली इंडिगो की फ्लाइट आधे घंटे देरी से पहुंची। पूर्वान्ह 11:10 बजे हैदराबाद से जौलीग्रांट हवाई अड्डे पहुंचने वाली फ्लाइट दोपहर 2:00 बजे जबकि दिल्ली से 3:20 पर पहुंचने वाली इंडिगो की फ्लाइट शाम 5:26 पर पहुंची। एकमात्र एयर इंडिया की फ्लाइट जो दिल्ली से शाम 4:10 पर पहुंचती थी, वह 5:01 पर पहुंची। लखनऊ से शाम को 4:55 पर देहरादून आने वाली फ्लाइट 6:07 बजे पहुंची। इसके बाद पुणे से देहरादून 5:05 पर आने वाली फ्लाइट रात 8:06 बजे और शाम 6:20 पर मुंबई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट शाम 6:41 पर पहुंची। इस प्रकार कुल सात फ्लाइट इंडिगो की और एक फ्लाइट एयर इंडिया की अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंची। वहीं, दूसरी ओर इंडिगो की बेंगलुरु से शाम 5:20 पर आने वाली फ्लाइट और जयपुर से शाम 6:53 पर जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर पहुंचने वाली फ्लाइट रात्रि आठ बजे तक हवाई अड्डे पर नहीं पहुंची थी। इन दोनों फ्लाइट के रात्रि में पहुंचने की संभावना है। पटना एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा पटना, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। विमानन कंपनी इंडिगो के सॉफ्टवेयर में तकनीकी समस्या आने के कारण बुधवार को पटना एयरपोर्ट के पांच विमान रद्द रहे। वहीं 29 विमानों का परिचालन प्रभावित रहा। इस दौरान यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा भी किया। मगर एयरपोर्ट के अधिकारियों और सीआईएसएफ के जवानों ने यात्रियों को समझा-बुझाकर शांत कराया। गुरुवार को भी इंडिगो के कुछ विमानों का परिचालन प्रभावित रहने की आशंका है। जानकारी के अनुसार, इंडिगो के क्रू रोस्टरिंग सॉफ्टवेयर (जिससे पायलट के विमान चलाने का रोस्टर तैयार किया जाता है) में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसी कारण सॉफ्टवेयर की जगह मैनुअल तरीके से पायलट का रोस्टर तैयार किया जा रहा था। इसी समस्या के कारण रोस्टर तैयार करने में काफी विलंब हुआ। इस कारण पटना हवाईअड्डे पर विभिन्न शहरों से आने वाले इंडिगो के 12 तथा विभिन्न शहरों के लिए जाने वाले 17 विमान लगभग छह घंटे की देरी से आए और गए। हालांकि इंडिगो ने दावा किया है कि यात्रियों को समय से पहले ही विमान के विलंब और रद्द होने की जानकारी दे दी गई थी। इस कारण यात्रियों को अधिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ा। वहीं, एयरपोर्ट के निदेशक चंद्र प्रताप द्विवेदी ने बताया कि इंडिगो के क्रू रोस्टरिंग सॉफ्टवेयर में तकनीकी समस्या आ गई है। इसी कारण इंडिगो का परिचालन पटना एयरपोर्ट से प्रभावित हुआ है। रांची से बेंगलुरु जाने वाला विमान रद्द रांची, हिटी। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर बुधवार को कई विमान घंटों विलंब से आए, वहीं सुबह 8.55 बजे रांची से बेंगलुरु जाने वाला विमान रद्द कर दिया गया। विमान रद्द होने से इस विमान के यात्रियों को काफी परेशानी हुई। कई ने सफर स्थगित कर दिया तो कई ने अपनी बुकिंग री-शिड्यूल करा दूसरे विमान से बेंगलुरु गए। जिन्होंने यात्रा स्थगित कर दी, उन्हें एयरपोर्ट के इंडिगो काउंटर से रिफंड की सुविधा दी गई। इधर विमानों को देर रहने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




