इंडिगो प्रभावित यात्रियों को देगी 10 हजार रुपये का वाउचर

इंडिगो प्रभावित यात्रियों को देगी 10 हजार रुपये का वाउचर

संक्षेप:

इंडिगो एयरलाइंस ने 3 से 5 दिसंबर के बीच उड़ान रद्द होने से यात्रियों को हुई असुविधा स्वीकार की है। कंपनी ने यात्रियों को 10 हजार रुपये का यात्रा वाउचर देने की घोषणा की है, जिसका उपयोग अगले 12 महीनों में किया जा सकेगा। रद्द उड़ानों के लिए मुआवजा भी दिया जाएगा और रिफंड प्रक्रिया शुरू हो गई है।

Dec 11, 2025 05:40 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो ने स्वीकार किया है कि तीन से पांच दिसंबर के बीच उड़ान सेवाएं रद्द होने से यात्रियों को असुविधा हुई। कंपनी ने गुरुवार को कहा कि ऐसे यात्रियों को कंपनी 10 हजार रुपये का यात्रा वाउचर देगी जिसका इस्तेमाल अगले 12 महीने में किया जा सकेगा। इंडिगो ने इसके साथ ये भी कहा है कि सरकार के मौजूदा नियमों के तहत 24 घंटे के भीतर रद्द हुई उड़ानों के यात्रियों को फ्लाइट के ब्लॉक टाइम के आधार पर पांच से 10 हजार रुपये तक का मुआवजा भी दिया जाएगा। वाउचर इस मुआवजे के अतिरिक्त होगा।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

विमानन कंपनी ने द्वारा बयान जारी कर कहा कि बड़े संचालन व्यवधान के बाद रद्द की गई उड़ानों का रिफंड प्रोसेस शुरू कर दिया गया है। ज्यादातर यात्रियों के रिफंड उनके खातों में पहुंच चुके हैं, बाकी राशि जल्द भेज दी जाएगी। जिन यात्रियों ने ट्रैवल पार्टनर के जरिए टिकट बुक किए थे, उनके रिफंड की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। ऐसे यात्री मदद के लिए customer.experience@goindigo.in पर मेल कर सकते हैं। इंडिगो की तरफ से कहा गया कि तीन दिनों के व्यवधान में कुछ यात्रियों को कई घंटों तक एयरपोर्ट पर फंसे रहना पड़ा और भारी भीड़ के कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी। इन यात्रियों के लिए एयरलाइन वाउचर दे ही है। परिचालन पटरी पर लौटने का दावा उधर, एयरलाइन ने बताया कि उसका ऑन-टाइम परफॉर्मेंस फिर से इंडिगो मानकों पर लौट रहा है। परिचालन सेवा स्तर में लगातार सुधार दिख रहा है। गुरुवार को करीब 1,950 से ज्यादा उड़ानें संचालित करेगी, जिनसे करीब 3 लाख यात्री यात्रा करेंगे। वह सभी 138 गंतव्यों को सहज रूप से जोड़ते हुए प्रतिदिन 19 सौ से अधिक उड़ानें संभाल रही है। अधिकारियों के साथ मिलकर ऑपरेशन को पूरी तरह सामान्य करने पर काम जारी है। मौसम व तकनीकी कारणों को छोड़ दिया जाए तो बीते तीन दिनों से एक भी सेम-डे कैंसिलेशन नहीं हुआ है। दसवें दिन करीब 100 उड़ानें रद्द इंडिगो विमानों के रद्द होने का सिलसिला लगातार 10वें दिन भी जारी रहा। गुरुवार को देश के अलग-अलग एयरपोर्ट से करीब 100 उड़ानें रद्द रहीं। सर्दियों के शेड्यूल में कंपनी रोजाना घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की श्रेणी में औसतन 2200 उड़ानों का संचालन करती थी, लेकिन सरकार ने कंपनी को उड़ानों में दस फीसदी कटौती का आदेश दिया है। बीते नौ महीने में इंडिगो के बेड़े में 378 पायलट कम हुए हैं। इसी बीच फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (एफडीटीएल) नियमों से संकट गहरा गया है। इंडिगो के पास मार्च में कुल पायलट संख्या 5463 थी। समय और पैसे दोनों का नुकसान अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों के रद्द होने का दौर जारी लगातार जारी है। गुरुवार को 18 उड़ानों के रद्द होने से बड़ी संख्या में यात्री परेशान रहे। यात्री खुमान सिंह ने बताया कि पहले उनका विमान बारह घंटे लेट हुआ। अब दो दिन से इंडिगो के हेल्पलाइन नंबर पर मदद मांग रहा हूं लेकिन कोई सही जानकारी देने को तैयार नहीं है। मुझे चेन्नई जाना था। वहां से वापसी की टिकट भी थी लेकिन मैं अभी भी अहमदाबाद में हूं।