खेल : प्रतिका, वैष्णवी और क्रांति पहली बार टेस्ट टीम में
ऑस्ट्रेलिया दौरा नई दिल्ली, हिन्दुस्तान ब्यूरो। सफेद गेंद के क्रिकेट में धमाल मचाने वाली

ऑस्ट्रेलिया दौरा नई दिल्ली, हिन्दुस्तान ब्यूरो। सफेद गेंद के क्रिकेट में धमाल मचाने वाली ओपनर प्रतिका रावल अब लाल गेंद क्रिकेट में भी कमाल दिखाने को तैयार है। प्रतिका, बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा और तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ को पहली बार भारतीय महिला टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में छह से नौ मार्च तक होने वाले एकमात्र टेस्ट के लिए शनिवार को 15 सदस्यीय टीम को ऐलान किया गया। टीम की कमान अनुभवी हरमनप्रीत कौर के हाथ में ही रहेगी। प्रतिका ने पिछले साल वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था। दिल्ली की यह क्रिकेटर विश्व कप के दौरारन टखने में लगी चोट के बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करेगी।
प्रतिका नॉकआउट में नहीं खेल पाई थी। वह सीमित ओवरों की सीरीज के लिए टीम का हिस्सा नहीं है। उन्होंने 24 वनडे मैचों में 50.45 के औसत से 1110 रन बनाए, जिसमें दो शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं। वैष्णवी ने पिछले साल की शुरुआत में भारत की अंडर-19 विश्व कप जीत के दौरान छाप छोड़ी थी। उन्होंने दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। तेज गेंदबाज क्रांति ने भी पिछले साल भारत के लिए पदार्पण किया था। वह अब तक 15 वनडे और चार टी-20 खेल चुकी हैं। वनडे में उनके नाम 23 विकेट हैं। मुंबई की 25 वर्षीय तेज गेंदबाज सयाली सतघरे को भी टीम में लिया गया है जिसके कारण अनुभवी अरुंधति रेड्डी को मौका नहीं मिला। कमलिनी की जगह छेत्री : युवा विकेटकीपर जी कमलिनी चोट के कारण ऑस्ट्रेलिया दौरे से बाहर हो गई हैं। चयनकर्ताओं ने उनकी जगह उमा छेत्री को टी-20 और वनडे टीम में शामिल किया है। टेस्ट टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, अमनजोत कौर, ऋचा घोष, उमा छेत्री, प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, दीप्ति शर्मा, रेणुका ठाकुर, स्नेह राणा, क्रांति गौड़, वैष्णवी शर्मा, सयाली सतघरे। ए टीम की कमान राधा को एसीसी राइजिंग स्टार एशिया कप के लिए भारत ए टीम की कमान बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव को सौंपी गई है। प्रतिभाशाली बल्लेबाज अनुष्का शर्मा को उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन के कारण टीम में शामिल किया गया है। यह टूर्नामेंट 13 से 22 फरवरी के बीच थाईलैंड में खेला जाएगा। भारत इस टूर्नामेंट में यूएई (13 फरवरी), पाकिस्तान ए (15 फरवरी) और नेपाल (17 फरवरी) के खिलाफ खेलेगा। वहीं ममता एम और दीया यादव का खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा। टीम : हुमैरा काजी, वृंदा दिनेश, अनुष्का शर्मा, दीया यादव (फिटनेस पर निर्भर), तेजल हसब्निस, नंदनी कश्यप, राधा यादव (कप्तान), सोनिया मेंढिया, मिन्नू मणि, तनुजा कंवर, प्रेमा रावत, साइमा ठाकोर, जिन्तामणि कलिता, नंदनी शर्मा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



