
खेल : महिला हॉकी टीम ने कोरिया को दी पटखनी
एशिया कप हांगझोउ (चीन), एजेंसी। भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशिया में कोरिया को 4-2 से हराकर अपना अजेय अभियान जारी रखा
एशिया कप हांगझोउ (चीन), एजेंसी। भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशिया कप में अपना अजेय अभियान जारी रखा है। सलीमा टेटे की टीम ने बुधवार को सुपर चार चरण के अपने पहले मैच में कोरिया को 4-2 से हराया। पूल बी में सात अंक के साथ शीर्ष पर रहे भारत के लिए वैष्णवी विठ्ठल फाल्के (दूसरे मिनट), संगीता कुमारी (33वें मिनट), लालरेमसियामी (40वें मिनट) और रुतुजा ददासो पिसल (59वें मिनट) ने गोल किए। कोरिया के लिए दोनों गोल यूजिन किम (33वें, 53वें मिनट) ने किए। भारत का सामना अब गुरुवार को चीन से होगा। सविता पूनिया की अनुपस्थिति में गोलकीपर की भूमिका निभा रही बिचू देवी भारत के लिए नंबर एक विकल्प रही हैं।
बांसुरी सोलंकी को थाईलैंड और सिंगापुर के खिलाफ मौका मिला लेकिन बिचू देवी ने जापान के खिलाफ चारों क्वार्टर खेले और आगे भी बड़े मुकाबलों में यही स्थिति हो सकती है। भारत को शुरुआत में ही पेनाल्टी कॉर्नर मिला और वैष्णवी ने उदिता के शॉट को कोरियाई गोलकीपर द्वारा रोके जाने के बाद रिबाउंड पर गोल दागा। कोरिया के असफल रिव्यू के बाद भारत को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन टीम गोल करने से चूक गई। इसके बाद कोरिया को भी कई पेनाल्टी कॉर्नर मिले लेकिन वे इन मौकों का फायदा नहीं उठा पाए। कोरिया को पहले क्वार्टर के अंत में एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन बिचू ने बचाव करते हुए भारत की बढ़त बरकरार रखी। मध्यांतर तक भारत 1-0 से आगे था। मध्यांतर के बाद खेल शुरू होते ही संगीता के मैदानी गोल से भारत ने बढ़त दोगुनी कर दी। भारत की खुशी हालांकि ज्यादा देर तक नहीं टिक पाई क्योंकि कोरिया ने किम के पेनाल्टी कॉर्नर पर दागे गोल से खाता खोला। लालरेमसियामी ने 40वें मिनट में मैदानी गोल करके भारत की बढ़त 3-1 कर दी। उन्होंने अंतिम क्वार्टर में भी लगातार विरोधी टीम के सर्कल में घुसकर गेंद पर कब्जा बनाए रखा। कोरिया ने 53वें मिनट में किम के पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल से स्कोर 2-3 किया। रुतुजा ने अंतिम सीटी बजने से एक मिनट पहले रिबाउंड पर गोल करके भारत की 4-2 से जीत सुनिश्चित की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




