
अमेरिका में भारतीय महिला की हत्या
अमेरिका के मैरीलैंड राज्य से लापता हुई 27 वर्षीय भारतीय महिला निकिता गोडिशाला का शव उसके पूर्व प्रेमी के अपार्टमेंट से मिला है। पुलिस को संदेह है कि अर्जुन शर्मा ने उसकी हत्या की है और वह भारत फरार हो गया है। मामले की जांच जारी है और दूतावास ने परिवार को सहायता प्रदान की है।
लास वेगास, एजेंसी। अमेरिका के मैरीलैंड राज्य से पिछले सप्ताह लापता हुई 27 वर्षीय भारतीय महिला मृत पाई गई है। पुलिस को संदेह है कि महिला के पूर्व प्रेमी ने उसकी हत्या की है और वह भारत फरार हो गया है। मैरीलैंड के एलिकॉट सिटी की रहने वाली 27 वर्षीय निकिता गोडिशाला के लापता होने की रिपोर्ट दो जनवरी को दर्ज कराई गई थी। हॉवर्ड काउंटी पुलिस ने रविवार को बताया कि निकिता का शव कोलंबिया स्थित उसके पूर्व प्रेमी अर्जुन शर्मा के अपार्टमेंट से बरामद हुआ है। शव पर चाकू के घाव थे। पुलिस ने अर्जुन शर्मा के खिलाफ हत्या के आरोपों में गिरफ्तारी वारंट हासिल कर लिया है।
जांचकर्ताओं का मानना है कि शर्मा ने 31 दिसंबर को शाम करीब सात बजे निकिता की हत्या कर दी थी। पुलिस ने कहा कि फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चला है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी अर्जुन शर्मा ने ही खुद पुलिस में निकिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया था कि उसने निकिता को आखिरी बार 31 दिसंबर को अपने अपार्टमेंट में देखा था। पुलिस जांच में पता चला कि दो जनवरी को गुमशुदगी की रपट दर्ज कराने के तुरंत बाद शर्मा भारत के लिए रवाना हो गया। अगले दिन जब जांचकर्ताओं ने उसके अपार्टमेंट की तलाशी ली, तो वहां निकिता का शव बरामद हुआ। वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह गोडिशाला के परिवार के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। दूतावास ने कहा कि हम इस मामले में स्थानीय अधिकारियों के साथ भी लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




