तीसरे दिन तेजी से सेंसेक्स 283 अंक चढ़ा
मुंबई में बुधवार को बैंक, धातु और एफएमसीजी कंपनियों के शेयरों में लिवाली के चलते स्थानीय शेयर बाजार लगातार तीसरे सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 283 अंक चढ़कर 83,734.25 अंक पर और निफ्टी 94 अंक बढ़कर 25,819.35 अंक पर बंद हुआ। छोटी कंपनियों के सूचकांक में भी बढ़त देखी गई।

मुंबई, एजेंसी। मजबूत वैश्विक रुझान के बीच बुधवार को बैंक, धातु एवं एफएमसीजी कंपनियों के शेयरों में लिवाली से स्थानीय शेयर बाजार लगातार तीसरे सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 283 अंक चढ़ गया जबकि निफ्टी में 94 अंक की मजबूती रही। सेंसेक्स 283.29 अंक चढ़कर 83,734.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 83,770.05 अंक के उच्च स्तर तक पहुंच गया था। निफ्टी 93.95 अंक यानी 0.37 प्रतिशत बढ़कर 25,819.35 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में से टाटा स्टील, आईटीसी, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों में प्रमुख रूप से बढ़त रही।
दूसरी तरफ, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, अदाणी पोर्ट्स, एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी इंडिया और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में गिरावट रही। जानकारों ने कहा, सतर्क शुरुआत के बाद अंतिम घंटे में व्यापक खरीदारी से बाजार में तेजी आई। बैंकिंग एवं वित्तीय शेयर स्थिर परिसंपत्ति गुणवत्ता की उम्मीदों के कारण मजबूत रहे, जबकि चुनिंदा एफएमसीजी शेयरों में खरीदारी से बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला। आईटी क्षेत्र एआई की वजह से व्यापक व्यवधान और मार्जिन पर दबाव की आशंकाओं से प्रभावित रहा। निफ्टी 500 कंपनियों के तीसरी तिमाही के नतीजे अनुमानों के अनुरूप रहने से मध्यम अवधि में घरेलू आर्थिक स्थिरता के संकेत मिलते हैं। व्यापक बाजार में छोटी कंपनियों का सूचकांक बीएसई स्मालकैप सेलेक्ट 1.02 प्रतिशत चढ़ गया जबकि मझोली कंपनियों के मिडकैप में 0.40 प्रतिशत की तेजी रही। क्षेत्रवार सूचकांकों में पीएसयू बैंक खंड 1.41 प्रतिशत चढ़ गया जबकि धातु खंड में 1.24 प्रतिशत, एफएमसीजी खंड में 1.16 प्रतिशत और पूंजीगत उत्पाद खंड में 0.89 प्रतिशत की बढ़त रही। बीएसई पर सूचीबद्ध कुल 2,237 कंपनियों के शेयर चढ़कर बंद हुए जबकि 1,955 शेयरों में गिरावट रही और 191 अन्य अपरिवर्तित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



