आरबीआई की मौद्रिक घोषणाओं से बाजार में तेजी
भारतीय रिजर्व बैंक ने नीतिगत ब्याज दरों को स्थिर रखने और रियल एस्टेट निवेश ट्रस्ट को कर्ज देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसके बाद, घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 266 अंक और निफ्टी 51 अंक की बढ़त के साथ बंद हुए। आईटीसी में सबसे अधिक 5.09% की तेजी देखी गई।

मुंबई, एजेंसी। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की तरफ से नीतिगत ब्याज दरों को स्थिर रखने और 'रियल एस्टेट निवेश ट्रस्ट' (रीट्स) को कर्ज देने की मंजूरी दिए जाने के प्रस्ताव के बाद घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को चढ़कर बंद हुए। सेंसेक्स में 266 अंक की बढ़त रही जबकि निफ्टी 51 अंक की तेजी में रहा। कारोबारी सत्र के अंतिम चरण में हुई लिवाली से सेंसेक्स 266.47 अंक चढ़कर 83,580.40 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स में दिन के निचले स्तर 82,925.35 से 655.05 अंक का तेज उछाल देखने को मिली। वहीं, निफ्टी 50.90 अंक की बढ़त के साथ 25,693.70 अंक पर बंद हुआ।
कारोबार के दौरान बाजार में काफी उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रही। सेंसेक्स की कंपनियों में से आईटीसी में सर्वाधिक 5.09 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा कोटक महिंद्रा बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, पावर ग्रिड और बजाज फिनसर्व के शेयर भी बढ़त में रहे। दूसरी तरफ, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), टेक महिंद्रा, अदाणी पोर्ट्स, एशियन पेंट्स, इटर्नल और एचसीएल टेक के शेयर गिरावट के रुख के साथ बंद हुए। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे, जबकि जापान का निक्की बढ़त के साथ बंद हुआ। अधिकांश यूरोपीय बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख देखा जा रहा था। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


