डिफेंस सेक्टर के शेयर चढ़े, विमानन क्षेत्र में भारी दबाव

Mar 03, 2026 06:23 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

भारतीय शेयर बाजार में दो दिन की वैश्विक उठापटक का असर देखने को मिलेगा। डिफेंस सेक्टर में तेजी आई है जबकि विमानन क्षेत्र में गिरावट आई है। ईरान के खिलाफ सैन्य अभियानों के कारण एशियाई एयरलाइंस के शेयरों में गिरावट आई है। दक्षिण कोरिया की डिफेंस कंपनियों के शेयरों में भारी खरीदारी हुई है।

डिफेंस सेक्टर के शेयर चढ़े, विमानन क्षेत्र में भारी दबाव

नई दिल्ली, एजेंसी। बुधवार को जब भारतीय शेयर बाजार खुलेंगे तो उनमें दो दिन की वैश्विक उठा-पटक का असर देखने को मिलेगा। मंगलवार को होली की वजह से भारतीय बाजार बंद रहे। पश्चिम एशिया में छिड़ी जंग का कोई हल न निकलता दिखाई देने से दुनियाभर के बाजारों में दो क्षेत्रों में काफी तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला। ये क्षेत्र हैं डिफेंस और विमानन। दुनिया भर के बाजारों में दबाव है लेकिन डिफेंस सेक्टर पूरी रफ्तार से दौड़ रहा है। दूसरी तरफ विमानन सेक्टर लगभग क्रैश हो गया है। आशंका है कि अगले 24 घंटे में स्थिति और बिगड़ती है तो घरेलू बाजार में भी यही ट्रेंड देखने को मिल सकते हैं।

ईरान जंग का दायरा बढ़ने से डिफेंस कंपनियों के लिए निवेशक सकारात्मक हुए हैं, वहीं कच्चे तेल में उछाल और उड़ानों में व्यवधान से एविएशन सेक्टर दबाव में आ गया है। दक्षिण कोरिया के रक्षा क्षेत्र के शेयरों में जोरदार उछाल देखा गया। एक दिन की छुट्टी के बाद बाजार खुलते ही निवेशकों ने डिफेंस कंपनियों के शेयरों में भारी खरीदारी की। दक्षिण कोरिया की सबसे बड़ी डिफेंस कंपनी हनवा एयरोस्पेस के शेयरों में 22% की तेज बढ़त दर्ज की गई। दक्षिण कोरियाई एयर डिफेंस सिस्टम बनाने वाली कंपनी के शेयरों में 30% की जोरदार छलांग लगी। इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली बनाने वाली कंपनी और एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइल कंपोनेंट्स बनाने वाली कंपनी के शेयर 20% से अधिक उछले। एशियाई एयरलाइंस पर दबाव दूसरी ओर, अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ बढ़ते सैन्य अभियान के कारण एशियाई एयरलाइन कंपनियों के शेयरों पर दबाव बना रहा। बढ़ती तेल कीमतों से ईंधन लागत में इजाफा होने की आशंका से निवेशक सतर्क हैं। मंगलवार को जापान, चीन कोरिया और हांगकांग की एययरलाइंस के शेयरों में 8% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।