
खेल : ऐश्वर्य ने रजत पर साधा निशाना
भारतीय निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने अपने पहले आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल में रजत पदक जीता। यह भारत का चौथा पदक है। उन्होंने 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में 414.2 का स्कोर किया, जबकि चेकिया के जिरी प्रिव्रात्स्की ने स्वर्ण पदक जीता। मनु भाकर और सिफत कौर सामरा क्वालिफिकेशन से आगे नहीं बढ़ पाईं।
निशानेबाजी विश्व कप फाइनल दोहा, एजेंसी। भारतीय निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने रविवार को अपने पहले ही आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल में रजत पदक जीता। यह भारत का मौजूदा टूर्नामेंट में चौथा पदक है। इसके साथ ही ऐश्वर्य ने इस खेल में सभी संभावित विश्व और महाद्वीपीय चैंपियनशिप में पदकों का सेट पूरा कर लिया। महिलाओं की थ्री पोजीशन स्पर्धा में सिफत कौर सामरा और 25 मीटर पिस्टल में मनु भाकर क्वालिफिकेशन चरण से आगे नहीं बढ़ पाईं। सामरा 10वें और मनु नौवें स्थान पर रहीं। ऐश्वर्य 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में चेकिया के जिरी प्रिव्रात्स्की से 0.9 अंक पीछे रहे।

जिरी ने आईएसएसएफ के 40 शॉट के नए प्रारूप में खेले गए फाइनल में 414.2 का स्कोर किया। ओलंपिक चैंपियन लियू युकुन ने कांस्य पदक जीता। पूर्व जूनियर विश्व चैंपियन और मौजूदा एशियाई चैंपियन ऐश्वर्य ने पिछले महीने विश्व चैंपियनशिप में भी रजत जीता था। उन्होंने क्वालिफिकेशन में 595 का स्कोर किया और चीन के टियान जियामिंग (598 विश्व रिकॉर्ड) के बाद दूसरे स्थान पर रहे। 'एथलीट ऑफ द ईयर' नॉर्वे के जॉन-हरमन हेग और हंगरी के दिग्गज इस्तवान पेनी शीर्ष आठ में शामिल अन्य शीर्ष निशानेबाज थे। ऐश्वर्य नीलिंग पोजीशन में 10 शॉट में 102.8 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर थे। दूसरी प्रोन पोजीशन के अगले 10 शॉट में उन्होंने लय पकड़ी। वह 52.9 और 52 की मजबूत सीरीज के साथ लीडरबोर्ड पर दूसरे स्थान पर पहुंच गए। इस बीच प्रिव्रात्स्की 3.3 आगे थे। ओलंपिक चैंपियन लियू तीसरे स्थान पर थे। इसके बाद ऐश्वर्य ने अगले 10 शॉट्स में प्रिव्रात्स्की को पछाड़ दिया और अंतर को 1.5 तक कम कर दिया। 31वें शॉट के बाद यह 0.5 तक कम हो गया और 33वें शॉट के बाद ऐश्वर्य ने बढ़त बना ली। अंतिम दो शॉट्स से पहले अंतर महज 0.3 का था। पर फिर प्रिव्रात्स्की आगे हो गए और स्वर्ण पदक जीत लिया जो इस साल उनका तीसरा आईएसएसएफ स्वर्ण पदक था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




