खेल : भारत ने सात मिनट में दो गोल दाग स्पेन को हराया
प्रो हॉकी लीग भुवनेश्वर, एजेंसी। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को प्रो लीग

प्रो हॉकी लीग भुवनेश्वर, एजेंसी। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को प्रो लीग में सात मिनट के भीतर दो गोल कर स्पेन को रिटर्न मैच में 2-0 से पराजित किया। पहले मुकाबले में शनिवार को स्पेन से 1-3 से हारने वाली भारतीय टीम ने दूसरे मैच में शानदार वापसी कर प्रतिद्वंद्वी को कोई मौका नहीं दिया। टीम के लिए मनदीप सिंह (32वें मिनट) और दिलप्रीत सिंह (39वें मिनट) Üने गोल दागकर टीम को पूरे तीन अंक दिलाए। भारतीय टीम मंगलवार को जर्मनी का सामना करेगी।
भारतीय टीम ने गेंद पर नियंत्रण के मामले में बाजी मारी और पहले दो क्वार्टर में कई मौके बनाए हालांकि खाता नहीं खोल सकी। पांचवें मिनट में मनदीप को गोल करने का सुनहरा मौका मिला लेकिन स्पेन के गोलकीपर रफेल रेविला ने इसे नाकाम कर दिया। पहले क्वार्टर से चंद मिनट पल पहले भारत को लगातार पेनाल्टी कॉर्नर मिले लेकिन जुगराज सिंह गोल नहीं कर पाए। वहीं भारतीय गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक ने 14वें मिनट में स्पेन को मिले पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील नहीं होने दिया। पहले दोनों क्वार्टर में भारत ने गोल करने के काफी प्रयास किया लेकिन स्पेनिश डिफेंस को भेद नहीं सके। पहले हाफ में कोई टीम गोल नहीं कर पाई। ब्रेक के बाद भारत को दूसरे ही मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन जुगराज का शॉट फिर स्पेन के गोलकीपर रेविला ने बचा लिया।
मनदीप ने हालांकि करीब से दिलप्रीत के पास पर गेंद को गोल के भीतर डाला। सात मिनट बाद दिलप्रीत ने भारत के लिए अपना 32वां गोल किया जिसके सूत्रधार मनदीप और गुरजंत सिंह रहे। स्पेन को 43वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन उसके ड्रैग फ्लिकर पेपे सुनील गोल नहीं कर पाए। भारत को भी एक पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन जुगराज फिर नाकाम रहे। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह को इस मैच में आराम दिया गया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।