
दिल्ली मेट्रो के चरण 5-ए के तीन कॉरिडोर को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी
-हवाईअड्डे का टर्मिनल-1 और कर्तव्य भवन मेट्रो नेटवर्क से जुड़ेंगे नंबर
नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को दिल्ली मेट्रो के चरण 5-ए को मंजूरी दे दी। इस परियोजना पर 12,015 करोड़ की लागत आएगी। इसके तहत मेट्रो नेटवर्क में 16 किलोमीटर की अतिरिक्त लंबाई और 13 नए स्टेशन जुड़ेंगे। इनमें 10 स्टेशन भूमिगत और तीन एलिवेटेड होंगे। इस विस्तार परियोजना की अवधि तीन वर्ष तय की गई है। परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई 400 किलोमीटर से अधिक हो जाएगी। केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि चरण 5-ए के तहत तीन नए कॉरिडोर को मंजूरी दी गई है।
इसे भारत सरकार, दिल्ली सरकार और अंतरराष्ट्रीय वित्त पोषण एजेंसियों के सहयोग से वित्तपोषित किया जाएगा। वैष्णव ने कहा कि सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर के शुरू होने से कर्तव्य भवन परिसर के सभी सरकारी कार्यालय मेट्रो से जुड़ जाएंगे। इससे इस क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों और आगंतुकों को सीधे और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। अनुमान है कि इससे रोजाना करीब 60,000 कर्मचारी और लगभग दो लाख आगंतुक लाभान्वित होंगे। इन कॉरिडोरों से प्रदूषण और जीवाश्म ईंधन के उपयोग में कमी आएगी, जिससे जीवन की सुगमता बढ़ेगी। कॉरिडोर-1 : आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक -लंबाई 9.913 किलोमीटर -आरके आश्रम मार्ग-इंद्रप्रस्थ सेक्शन, बॉटनिकल गार्डन-आरके आश्रम मार्ग कॉरिडोर का विस्तार होगा। इससे सेंट्रल विस्टा क्षेत्र को मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी, जहां वर्तमान में पुनर्विकास कार्य चल रहा है। -स्टेशन होंगे-आरके आश्रम मार्ग, शिवाजी स्टेडियम, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल-हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ। कॉरिडोर-2 : एरोसिटी से आईजीआई टर्मिनल-1 तक -2.263 किलोमीटर लंबा होगा -एरोसिटी-आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद-कालिंदी कुंज सेक्शन, एरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर का विस्तार होंगे। -इससे हवाई अड्डे की कनेक्टिविटी दक्षिणी दिल्ली के तुगलकाबाद, साकेत और कालिंदी कुंज जैसे इलाकों से बेहतर होगी। कॉरिडोर-3 : तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक -3.9 किलोमीटर का होगा। -तुगलकाबाद-कालिंदी कुंज सेक्शन पर सरिता विहार डिपो, मदनपुर खादर और कालिंदी कुंज स्टेशन होंगे। वहीं, एरोसिटी स्टेशन को आगे आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-1 से जोड़ा जाएगा। कुल लंबाई यह 16.076 किलोमीटर लंबी परियोजना राष्ट्रीय राजधानी में कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी। ---- देश का सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क वर्तमान में दिल्ली और एनसीआर में डीएमआरसी लगभग 395 किलोमीटर लंबाई की 12 मेट्रो लाइनों का संचालन कर रहा है, जिनमें 289 स्टेशन शामिल हैं। दिल्ली मेट्रो आज देश का सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क है और दुनिया के प्रमुख मेट्रो नेटवर्कों में भी शामिल है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




