पूर्व सैनिकों को राष्ट्रीय सुरक्षा में शामिल कर रही सेना : जनरल द्विवेदी

Jan 14, 2026 05:09 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि भारतीय सेना पूर्व सैनिकों को सुरक्षा ढांचे और राष्ट्र निर्माण में शामिल कर रही है। उन्होंने जयपुर में कहा कि पूर्व सैनिकों का अनुभव और योगदान महत्वपूर्ण हैं। सशस्त्र सेना पूर्व सैनिक दिवस हर साल 14 जनवरी को मनाया जाता है, जो फील्ड मार्शल केएम करियप्पा की सेवाओं को समर्पित है।

पूर्व सैनिकों को राष्ट्रीय सुरक्षा में शामिल कर रही सेना : जनरल द्विवेदी

सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने बुधवार को कहा कि भारतीय सेना अपने पूर्व सैनिकों को देश के सुरक्षा ढांचे और राष्ट्र निर्माण के प्रयासों में सक्रिय रूप से शामिल कर रही है। जनरल द्विवेदी ने कहा कि गत वर्ष से ही हम सक्रिय रूप से पूर्व सैनिकों को राष्ट्रीय सुरक्षा ढांचों में भी एकीकृत कर रहे हैं। सेना, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए कल्याण, स्वास्थ्य सेवा और पुनर्वास योजनाओं का विस्तार कर रही है। जनरल द्विवेदी जयपुर में सशस्त्र सेना पूर्व सैनिक दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों ने सक्रिय सेवा के बाद भी भारत की सुरक्षा, शासन, उद्योग और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

जब भी देश ने पुकारा, हमारे पूर्व सैनिक हर परिस्थिति में देश के साथ खड़े दिखाई दिए। यह आपके भीतर बसे राष्ट्रधर्म और कर्तव्यबोध का प्रमाण है। कहा, आज जब देश विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, तब आपके अनुभव, ईमानदारी और राष्ट्रीय सोच का महत्व और भी बढ़ जाता है। सशस्त्र सेना पूर्व सैनिक दिवस हर साल 14 जनवरी को सशस्त्र बलों के पहले कमांडर-इन-चीफ फील्ड मार्शल केएम करियप्पा की उल्लेखनीय सेवाओं के स्मरण में मनाया जाता है। करियप्पा 1953 में इसी दिन सेवानिवृत्त हुए थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।