लेफ्टिनेंट कर्नल ने यूएई भेजी खेप को मंजूरी के बदले ली थी रिश्वत
रक्षा मंत्रालय के लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा को दुबई की एक कंपनी से तीन लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। यह रकम भारत से यूएई भेजी जाने वाली खेप के लिए विदेश मंत्रालय से मंजूरी दिलाने के बदले में दी गई थी। सीबीआई मामले की जांच कर रही है।

नई दिल्ली, एजेंसी। रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल ने तीन लाख रुपये की रिश्वत दुबई की कंपनी से ली थी। यह रकम भारत से यूएई भेजी जाने वाली एक खेप को विदेश मंत्रालय से मंजूरी दिलाने के बदले दी गई थी। सीबीआई कंपनी से जुड़े कर्मियों की जांच कर रही है। सीबीआई सूत्रों ने रविवार को बताया कि आरोपी ले. कर्नल शर्मा को शनिवार को अदालत में पेश किया गया था, जहां से उन्हें 23 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। सीबीआई की ओर से दर्ज मुकदमे में आरोप है कि दुबई की एक लॉजिस्टिक कंपनी ‘डीपी वर्ल्ड’ को विदेश मंत्रालय से क्लीयरेंस दिलाने के नाम पर यह सौदा किया गया था।
अक्तूबर में कंपनी को भारत से यूएई भेजी जाने वाली एक खेप के लिए क्लीयरेंस की जरूरत थी। इसके लिए भारत में कंपनी का काम संभालने वाले रवजीत सिंह और राजीव यादव लंबे समय से ले. कर्नल शर्मा के संपर्क में थे। जांच में पता चला है कि शर्मा ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए कंपनी को यह मंजूरी दिलवा दी थी। इसी काम के बदले 18 दिसंबर को विनोद कुमार को तीन लाख की रकम लेकर शर्मा के पास भेजा गया था। रक्षा मंत्रालय बोला, भ्रष्टाचारियों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ रक्षा मंत्रालय का कहना है कि भ्रष्टाचार और इससे जुड़े लोगों के विरुद्ध मंत्रालय और सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रहा है। रिश्वत लेने के मामले में लेफ्टिनेंट कर्नल और एक बिचौलिए की गिरफ्तारी के बाद मंत्रालय ने यह बयान जारी किया है। मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आरोपी अधिकारी गिरफ्तारी स्पष्ट करती है कि केंद्र सरकार कानूनी और सांस्थानिक ढांचे के जरिए भ्रष्टाचार को खत्म करने की दिशा में सख्त कदम उठाने को लेकर सक्रिय है। यह था मामला सीबीआई ने शनिवार को रक्षा मंत्रालय के अधीन रक्षा उत्पादन विभाग में तैनात ले. कर्नल दीपक कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया था। उन्हें कथित तौर पर तीन लाख रुपये की रिश्वत देने आए बिचौलिए विनोद कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया था। शर्मा के घर से 2.23 करोड़ और उनकी पत्नी कर्नल काजल बाली के राजस्थान आवास से दस लाख रुपये नकद बरामद हुए थे। मामले में कर्नल बाली पर भी मुकदमा दर्ज किया गया है। सीबीआई ने बताया कि इस मामले में दिल्ली, श्रीगंगानगर, बेंगलुरु और जम्मू में कई स्थानों पर छापे मारने की कार्रवाई जारी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




