
खेल : ईशान का वनडे में भी दावा मजबूत
शोल्डर : घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का विकेटकीपर बल्लेबाज को मिल सकता है फायदा,
नई दिल्ली, हिन्दुस्तान ब्यूरो। टीम इंडिया नए साल की शुरुआत न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से करेगी। इसके लिए टीम का ऐलान इसी हफ्ते हो सकता है। हालांकि इसमें कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना कम ही है। टी-20 में वापसी के बाद झारखंड के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की वापसी हो सकती है। विजय हजारे ट्रॉफी में दमदार प्रदर्शन करने वाले सरफराज खान, ध्रुव जुरेल और रिंकू जैसे बल्लेबाजों को अभी इंतजार करना होगा। हालांकि टीम के शीर्ष क्रम में बदलाव की कोई गुजांइश नहीं है। दुनिया की नंबर एक टीम ने पिछले दो वैश्विक टूर्नामेंट में सिर्फ एक मैच गंवाया है।
2023 के बाद से जीत-हार का रेशियो 3.167 का है जो सभी पूर्णकालिक सदस्य देशों की टीमों से दोगुना है। यह सब टीम के शीर्ष पांच बल्लेबाजों की बदौलत है। पिछले साल टेस्ट और टी-20 से संन्यास लेने वली रो-को (रोहित-कोहली) की जोड़ी ने दिखाया कि एक प्रारूप में खेलने का उनका फैसला गलत नहीं है। दोनों ने विजय हजारे ट्रॉफी में अपनी क्षमता दिखाई। रोहित ने एक शतक जड़ा तो विराट ने एक शतक और एक अर्धशतक लगाया। कोहली दिल्ली के लिए एक और मैच खेलेंगे। कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल भी अपनी टीमों के लिए अगले कुछ मैच खेलकर हाथ खोलेंगे। हालांकि श्रेयस अभी तक चोट से उबर नहीं पाए हैं। श्रेयस उनकी गैरमौजूदगी में युवा यशस्वी जायसवाल और रुतुराज गायकवाड़ ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले महीने मिले मौके को दोनों हाथों से भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। दोनों ने शतकीय पारियां खेली थी। ऐसे में सात बल्लेबाजों के होते टीम में किसी के लिए जगह बनाना मुमकिन नहीं है। सरफराज खान, ध्रुव जुरेल, रिंकू सिंह, देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव शौरी जैसे खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा रन बनाने और उम्मीद बनाए रखनी होगी। बोल रहा है ईशान का बल्ला : पिछले तीन साल से टीम इंडिया से बाहर चल रहे ईशान टी-20 विश्व कप में वापसी के बाद अब वनडे में वापसी के सबसे प्रबल दावेदार हैं। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड को पहली बार चैंपियन बनाने के बाद ईशान का बल्ला विजय हजारे में भी खूब बोला। उन्होंने एक मुकाबला खेला और इसमें 125 की औसत और 320.51 की स्ट्राइक रेट से 125 रन ठोक दिए। उनकी यह पारी उनके लिए टीम संजीवनी साबित हो सकती है। ------------------- 2025 में शीर्ष पांच भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन खिलाड़ी रन मैच औसत 50/100 कोहली 651 13 65.10 4/3 रोहित 650 14 50.00 4/2 श्रेयस 496 11 49.60 5/0 शुभमन 490 11 49.00 2/2 राहुल 367 14 52.42 2/0 -------------------------------- नंबर गेम -11 जनवरी से वडोदरा में शुरू होगी न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज -18 को इंदौर में खेला जाएगा तीसरा मैच जबकि दूसरा 14 को राजकोट में होगा ----------------------------------------- स्टार जो विजय हजारे से दे रहे दस्तक सरफराज खान मुंबई का यह बल्लेबाज चार मैचों में 110 की औसत से 220 रन बना चुका है। उन्होंने गोवा के खिलाफ बुधवार को 75 गेंदों में 157 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है। उनकी इस पारी की के बाद दिग्गज आर अश्विन ने एक्स पर लिखा, सरफराज बीच के ओवरों में स्पिन के खिलाफ स्वीप और स्लॉग स्वीप से गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। वह टीम इंडिया का दरवाजा बस खटखटा नहीं रहे हैं, बल्कि उसे तोड़कर अंदर घुस रहे हैं। देवदत्त पडिक्कल कर्नाटक के बाएं हाथ के 25 वर्षीय बल्लेबाज पडिक्कल दे दनादन रन बना रहे हैं। वह चार मैचों मी शतक लगा चुके हैं। वह अभी तक चार मैचों में 101.50 की औसत से सर्वाधिक 406 रन बना चुके हैं। अब देखना होगा उनका यह प्रदर्शन उन्हें पहली बार वनडे टीम में भी जगह दिखा पाएगा। ध्रुव जुरेल उत्तर प्रदेश के विकेटकीपर बल्लेबाज जुरेल ने भी अपनी तूफानी पारियों से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया होगा। हालांकि राहुल के चलते उन्हें मौका मिलने की उम्मीद कम ही है। जुरेल 108 की औसत से 324 रन बना चुके हैं। उन्होंने लिस्ट एक क्रिकेट में अपना पहला शतक भी जड़ा। दो अर्धशतक भी उनके बल्ले से निकले हैं। रिंकू सिंह सिक्सर किंग के नाम से मशहूर रिंकू टी-20 विश्व कप की टीम में वापसी के बाद से और आक्रामक हो गए हैं। उत्तर प्रदेश की कप्तानी कर रहा बाएं हाथ का यह बल्लेबाज चार मैचों में से तीन में 50 प्लस का स्कोर कर चुका है। इसमें एक को शतक में बदलने में भी कामयाब रहा। उन्होंने 136.50 की औसत से 273 रन बनाए हैं। उन्होंने भारत के लिए सिर्फ दो वनडे 2023 में खेले थे। ध्रुव शौर्य लगातार पांच लिस्ट ए शतक का विश्व रिकॉर्ड बराबर करने वाले विदर्भ के ध्रुव शौर्य टीम इंडिया की जर्सी पहनने के सपने का साकार करने में जुटे हैं। शीर्ष क्रम का यह बल्लेबाज 103 की औसत से दो शतकों से 309 रन बना चुका है। यशस्वी, रोहित और गिल के रहते टीम में उनके लिए जगह बनाना आसान नहीं होगा ---------------------------

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




