
खेल : भारत और ऑस्ट्रेलिया में बढ़त लेने की जंग
आज भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा टी-20 मैच होगा। शुभमन गिल से बड़ा स्कोर बनाने की उम्मीद है, जबकि भारतीय टीम 1-1 से बराबर है। ऑस्ट्रेलिया की टीम प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में कमजोर नजर आ रही है। प्रसारण दोपहर 1:45 बजे से स्टार स्पोर्ट्स पर होगा।
टीम इंडिया और कंगारू टीम के बीच चौथा टी-20 मुकाबला आज, शुभमन गिल से बड़ा स्कोर बनाने की उम्मीद भारत और ऑस्ट्रेलिया में बढ़त लेने की जंग 35 मैच अभी तक दोनों टीमों के बीच खेले गए 21 भारत ने और 12 ऑस्ट्रेलिया ने जीते, दो ड्रॉ 400 रन कंगारू टीम के खिलाफ बनाने वाले तीसरे भारतीय बन सकते हैं सूर्यकुमार 19 विकेट सर्वाधिक अब तक जसप्रीत बुमराह ले चुके हैं 17 मुकाबलों में प्रसारण : दोपहर 1:45 बजे से स्टार स्पोर्ट्स पर कैरारा (गोल्ड कोस्ट), एजेंसी। अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले शुभमन गिल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गुरुवार को यहां होने वाले चौथे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में बड़ा स्कोर बनाने की कोशिश करेंगे।

इस मुकाबले में भारतीय टीम प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी। तीन मैचों के बाद सीरीज 1-1 से बराबर है गिल की फॉम से चिंता : हालांकि भारतीय टीम प्रबंधन को टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल की फॉर्म थोड़ी परेशान कर सकती है क्योंकि उन्होंने अब तक ऑस्ट्रेलिया के वर्तमान दौरे में छह मैच खेले हैं और एक भी अर्धशतक नहीं लगाया है। एकदिवसीय सीरीज की शुरुआत से अब तक उनके स्कोर का क्रम 10, 9, 24, नाबाद 37, 5 और 15 है। इस तरह दौरे में अभी तक उनका बल्ले से कुल 100 रन ही निकले हैं। अभी तक केवल एक बार वह अच्छी फॉर्म में दिखे थे। वह कैनबरा में था जब उन्होंने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ अच्छी साझेदारी की थी। पर बारिश के कारण यह मैच रद्द कर दिया गया था। गिल को फुल लेंथ की गेंदों से परेशानी हो रही है जिनमें मूवमेंट की झलक दिख रही है। चिंता की बात यह है कि गिल अभी तक चिर-परिचित लय में नहीं दिखे हैं। गिल को एक सप्ताह के भीतर लाल गेंद से खेलना शुरू करना होगा और अगर वह किसी भी प्रारूप में खेल रहे हों तो कुछ रन बनाने से उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ेगा। अभिषेक से फिर उम्मीद : भारत के लिए अच्छी बात यह है कि अभिषेक शर्मा ने विश्व के नंबर एक टी-20 बल्लेबाज की अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन किया है। टीम को उनसे एक बार फिर एक और जोरदार पारी की उम्मीद होगी। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहले और तीसरे मैच में अच्छी शुरुआत के साथ अपनी पुरानी फॉर्म की झलक दिखाई है लेकिन अब वह बड़ा स्कोर बनाना चाहेंगे क्योंकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अगली सीरीज से पहले उन्हें एक महीने का ब्रेक मिलेगा। इस बीच, उम्मीद की जा रही है कि सूर्यकुमार पुडुचेरी के खिलाफ मुंबई की ओर से रणजी ट्रॉफी मैच खेलेंगे। अर्शदीप से मजबूती मिली : अर्शदीप सिंह के शामिल होने से गेंदबाजी विभाग अधिक मजबूत दिखता है, जबकि कुलदीप यादव को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए वापस भेज दिया गया है। टीम प्रबंधन का मुख्य मुद्दा हमेशा से यह रहा है कि कुलदीप और अर्शदीप दोनों को एक साथ नहीं खिलाया जा सकता। लेकिन फिलहाल ऐसी कोई समस्या नजर नहीं आती है। वाशिंगटन सुंदर की मौजूदगी में भारतीय बल्लेबाजी मजबूत नजर आती है। वाशिंगटन ने पिछले मैच में 23 गेंद पर नाबाद 49 रन बनाकर भारत को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। हेड की कमी खलेगी : ऑस्ट्रेलिया की टीम कुछ प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में थोड़ा कमजोर नजर आ रही है। पिछले मैच में जोश हेजलवुड की अनुपस्थिति से स्पष्ट अंतर नजर आया था। चौथे मैच में ऑस्ट्रेलिया को ट्रेविस हेड की भी कमी खलेगी क्योंकि सलामी बल्लेबाज को एशेज की तैयारी के लिए शेफील्ड शील्ड में खेलना है। ऑस्ट्रेलिया की टीम के इन दोनों प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में भारत के पास गाबा में अंतिम मैच से पहले 2-1 की बढ़त हासिल करने का यह सबसे अच्छा मौका है। ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए कप्तान मिचेल मार्श और टिम डेविड पर काफी हद तक निर्भर रहेगी। हेड की अनुपस्थिति में मार्श मैथ्यू शॉर्ट को अपना सलामी जोड़ीदार बना सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया को हालांकि अपने गेंदबाजी विभाग में बदलाव करने पड़ सकते हैं क्योंकि सीन एबॉट अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं और बेन ड्वार्शुइस या महली बियर्डमैन में से किसी एक को उनकी जगह पर लाया जा सकता है। हम अलग-अलग संयोजन आजमा रहे : मोर्कल कैरारा (गोल्ड कोस्ट)। भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने बुधवार को कहा कि अर्शदीप सिंह को चयन मामलों में भले ही परेशानी का सामना करना पड़ा हो लेकिन यह तेज गेंदबाज इस बात को अच्छी तरह से समझता है कि टीम प्रबंधन बड़ी तस्वीर को देखते हुए अलग-अलग संयोजन आजमा रहा है। अर्शदीप को तीसरे मैच में अंतिम एकादश में शामिल किया गया था और वह मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए थे। मोर्कल ने चौथे टी-20 से पहले कहा, अर्शदीप अनुभवी हैं और उन्हें पता है कि हम बड़ी तस्वीर को देख रहे हैं। उन्हें पता है कि वह विश्वस्तरीय गेंदबाज हैं और उन्होंने पावरप्ले में अधिकतर विकेट लिए हैं। हम जानते हैं कि वह टीम के लिए कितने अमूल्य खिलाड़ी है लेकिन हमें अन्य संयोजनों पर भी गौर करने की जरूरत है और वह इस बात को समझते हैं। हम बस उनसे यही कहते हैं कि वे कड़ी मेहनत करें और जब भी उन्हें मौका मिले, उसके लिए तैयार रहें। टी-20 विश्व कप से पहले अब सीमित मैच ही बचे हैं। स्पिन का सामना करने को अच्छी तैयारी जरूरी : शॉर्ट गोल्ड कोस्ट। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मैथ्यू शॉर्ट मौजूदा टी-20 सीरीज में भारतीय गेंदबाजों का सामना करने के अवसर का आनंद ले रहे हैं, लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि टी-20 विश्व कप की तैयारी के लिए उपमहाद्वीपीय परिस्थितियों में स्पिन के अनुकूल ढलना महत्वपूर्ण होगा। शॉर्ट ने कहा, विश्व कप भारत और श्रीलंका में खेला जाना है और इसे देखते हुए स्पिन के खिलाफ खेलना मेरे लिए अच्छी बात है। मुझे लगता है कि इसमें थोड़ी और मेहनत करने की जरूरत है। हमारी टीम में कई पावर हिटर हैं जैसे टिम डेविड, ग्लेन मैक्सवेल, मिची ओवेन, मार्कस स्टोइनिस, जिन्हें पहले भी भारत में खेलने का अनुभव है और स्पिन के खिलाफ उनके पास पावर गेम है। यह स्पष्ट रूप से एक चुनौती है और ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलना आसान नहीं है। इसलिए, हमें इंतज़ार करना होगा और देखना होगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




