कोरिया से समझौते में सुधार पर 12वें दौर की वार्ता
भारत और दक्षिण कोरिया ने द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग समझौते की समीक्षा और उन्नति के लिए नई दिल्ली में बातचीत की। दोनों देशों ने डिजिटल व्यापार, आपूर्ति शृंखला और औद्योगिक संचालन पर उप समूह बनाने का निर्णय लिया। उन्होंने व्यापार घाटे को कम करने के लिए समाधान खोजने की प्रतिबद्धता जताई।

नई दिल्ली, एजेंसी। भारत और दक्षिण कोरिया ने द्विपक्षीय व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते की समीक्षा और उसे उन्नत बनाने के लिए राजधानी में 12वें दौर की बातचीत में डिजिटल व्यापार, आपूर्ति शृंखला और रणनीतिक औद्योगिक परिचालन के विषय में बातचीत के लिए अलग-अलग उप समूह बनाने का निर्णय किया है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार दोनों पक्षों ने रचनात्मक एवं सहयोगपूर्ण भावना के साथ हुई समीक्षा वार्ता की प्रगति की समीक्षा की और एक संतुलित और भविष्योन्मुखी व्यापारिक भागीदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और दक्षिण कोरिया के व्यापार मंत्री येओ हान-कू ने इसी साल 20 अप्रैल को कोरियाई राष्ट्रपति की भारत यात्रा के दौरान जारी संयुक्त घोषणा-पत्र के मुताबिक सेपा को उन्नत बनाने की बातचीत तेज करने की प्रतिबद्धता जताई थी।
इसी परिप्रेक्ष्य में वार्ता का 12वां दौर 25-27 मई तक नई दिल्ली में आयोजित किया गया था।दोनों पक्षों ने स्वीकार किया कि 2010 में हुए भारत-कोरिया सेपा समझौते के बाद दक्षिण कोरिया व्यापार द्विपक्षीय व्यापार में भारत का व्यापार घाटा लगातार बढ़ा है। दोनों पक्ष इसी समझौते के अंतर्गत इस मुद्दे का समाधान निकालने पर सहमत हुए हैं। इस दौर की बातचीत में वस्तु और सेवा व्यापार, उत्पाद की उत्पत्ति के स्थान संबंधी नियम और उद्गम की प्रक्रिया), निवेश और स्वच्छता और पैकेजिंग के नियमों पर चर्चा हुई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


